पंचायत भवन में रानियां विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। रानियां हलके के रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सभी पोलिंग पार्टियां हर एक नियम को बारीकी से समझें, पीओ हैंडबुक को गहनता से पढ़ें। प्री-पोल डे से लेकर क्लोजिंग पोल तक की पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग की हिदायतानुसार ही संपन्न करवाएं।
उन्होंने कहा कि चुनाव का कार्य बड़ा ही जिम्मेदारी का कार्य हैं। इस हल्के में न लें। पोलिंग पार्टियां के सभी सदस्य आपस में एक-दूसरे से परिचित हो जाएं, ताकि मतदान की प्रक्रिया का कार्य समुचित प्रकार से किया जा सके।
सोमवार को पंचायत भवन में रानियां विधानसभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने कहा कि चुनाव प्रणाली को समझने और त्रुटि मुक्त प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए यह प्रशिक्षण बहुत महत्वपूर्ण है। मतदान के दिन से पहले सभी पोलिंग पार्टियों अपने-अपने बूथों पर जाकर व्यवस्था को अच्छी से जांच लें। यदि कोई कमी महसूस है तो संबंधित उच्च अधिकारी के संज्ञान में लेकर आए। उन्होंने कहा कि पोलिंग प्रक्रिया के दौरान ईवीएम खराब होने पर घबराए नहीं, बल्कि संयम में काम लेते हुए संबंधित सेक्टर ऑफिसर को सूचित करें।
::::::::::::::::::::::::::::::
मॉक पोल के दौरान 50 वोट डलवाना सुनिश्चित करें
शिविर में मास्टर ट्रेनरों ने टेंडर वोट, चैलेंज वोट, टेस्ट वोट, रिफ्यूज वोट, फार्म, पोस्टल वोट, माइक्रो पर्यवेक्षक, पोलिंग बूथ के अंदर प्रवेश करने वाले अधिकृत लोगों सहित अन्य चुनावी संबंधी जितने भी पहलू हैं, उन सभी के बारे में जानकारी दी। इस दौरान मास्टर ट्रेनर ने पोलिंग पार्टियों से चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल जवाब करते हुए प्रशिक्षण को रुचिकर बनाया। मास्टर ट्रेनरों ने कहा कि मॉक पोल चुनाव को पारदर्शी बनाने की सबसे अहम कसौटी है। चुनाव आयोग की हिदायत अनुसार मॉक पोल के दौरान 50 वोट डलवाना सुनिश्चित करें।