सिरसा। थाना ओढां पुलिस ने गांव जलालआना में क्रिकेट व थाना शहर पुलिस ने गांव डबवाली में वॉलीबाल प्रतियोगिता करवाकर युवा खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभाव बताए। एसपी डबवाली के मार्गदर्शन में डबवाली पुलिस की टीमें काफी समय से जिले के अधिकतर स्कूलों व कॉलेजों और गांवों में इस तरह के जागरूकता अभियान चला चुकी हैं।
एसपीओ विक्रमादित्य व एसपीओ हरगोबिंद सिंह थाना ओढां ने गांव जलालआना में युवाओं की क्रिकेट प्रतियोगिता करवाई। एसपीओ लखबीर सिंह ने गांव डबवाली में वॉलीबाल खेल रहे युवाओं से कहा कि युवाओं में नशीली दवाओं को दुरुपयोग बढ़ता जा रहा है और ये चिंता का विषय है। पुलिसकर्मियों ने युवाओं से नशे से दूर रह कर नशा मुक्त जीवन यापन करने का प्रण लेने का आह्वान किया।
युवाओं को बताया कि डबवाली पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों पर कार्रवाई कर नशीले पदार्थों की बरामदगी सुनिश्चित कर रही है। युवाओं को खेलों में रुचि लेनी चाहिए। खेलों से शरीर स्वस्थ व मन शुद्ध रहता है। खेल दिमाग को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। प्रतिदिन खेलों में भाग लेने से नेतृत्व क्षमता व आत्मविश्वास की भावना का विकास होता है। डबवाली पुलिस के नशा मुक्त डबवाली अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। नशा तस्करों को किसी भी प्रारूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। नशा करने वालों, तस्करी एवं उन से जुड़े व्यक्तियों की भी विभिन्न स्रोतों से पहचान की जा रही है।
थाना ओढां व थाना शहर की पुलिस टीम ने सभी को बुराइयों से दूर रहकर आदर्श समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कहा कि उनके इलाके में कोई नशा बेचने की सूचना पुलिस को कंट्रोल रूम नंबर 7082014523 और 01668-299100 पर दे सकते हैं।