डबवाली। अभियान के तहत नशा सप्लायरों के घरों पर जांच करते हुए पुलिस। पुलिस
डबवाली। ऑपरेशन हॉट स्पॉट डोमिनेशन के तहत डबवाली पुलिस की ओर से वांछित आरोपियों के खिलाफ क्षेत्र में विशेष कॉबिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने नशा करने वाले व्यक्तियों, जुआरियों, स्टोरियों, असामाजिक तत्वों, आवारागर्द व्यक्तियों के अड्डों पर छापे मारे। इस दौरान आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने एवं अपराधों, नशे, सट्टा-जुआ की रोकथाम टैक्सी स्टैंड, बाजार, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, संदिग्ध रास्तों, खाली स्थानो, खंडहरों में गहनता से जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों की ओर से सामाजिक प्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से विशेष अपील की गई है कि अपने-अपने क्षेत्र में नशा बेचने वालों, जुआ खिलाने वालों या अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि उन पर तुरंत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके और असामाजिक घटना होने से पूर्व उस पर नियंत्रण पाया जा सके।
-
आमजन से अपील
एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि डबवाली पुलिस के नशा विरोधी अभियान में आमजन की भागीदारी एक अहम कड़ी है। आमजन का सहयोग डबवाली क्षेत्र को नशा मुक्त कराने में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई ही सिद्ध होगा। इसके लिए आवश्यक है कि समाज का हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी निभाए और नशा मुक्त समाज में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। यदि कोई कहीं अवैध रूप से नशा बेचता है तो उसके लिए कोई भी व्यक्ति गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को इसकी सूचना दे सकता है और उसका नाम भी गुप्त रखा जाएगा। इसके अलावा केंद्र सरकार की ओर से जारी मानस पोर्टल व हेल्पलाइन नंबर 1933 पर इसकी सूचना देकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनके परिवार या आस पास कोई व्यक्ति नशे से पीड़ित है तो इसकी सूचना नशा मुक्ति टीम डबवाली के मोबाइल नंबर 9138999731 पर जरूर दें, आपका एक प्रयास किसी की जिंदगी बदल सकता है। डबवाली पुलिस आपकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है।