बडागुढ़ा। पुलिस ने गांव नागोकी में एक ज्वेलर्स के घर रेड कर बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद किए हैं। बरामद दवाइयों की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल सिरसा को सूचना मिली थी कि मोहन लाल ज्वेलरी के काम के पीछे नशीली दवाइयों की बिक्री करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों सुनील कुमार और केशव वशिष्ठ के साथ मोहनलाल के घर में रेड की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने 22,760 नशीली गोलियां (टपेंटाडोल) और 21,600 कैप्सूल (प्रेगाब्लीन) बरामद किए। ड्रग ऑफिसर केशव वशिष्ठ ने बताया कि आरोपी मोहन लाल को नोटिस दिया गया है। इसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी मोहनलाल का बेटा व एक रिश्तेदार दोनों अन्य जगह एक मेडिकल स्टोर चलाते हैं। मोहन लाल के बेटे ने उक्त गोलियां पुलिस के डर से मेडिकल के बजाय घर में रखी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहन का बहनोई कुछ दिनों पहले कार सहित नशीली दवाओं के साथ पकड़ा गया था। ऐसे में अब इसके साले के घर पर कार्रवाई की। सुबाहेड़ा में इनका मेडिकल था, जिसे सील किया जा चुका है।