बच्चों को परिजनों को सौंपते पुलिसकर्मी।
रानियां। करीवाला चौकी पुलिस ने रास्ता भटककर बेघर हुए तीन नाबालिग बच्चों को उनके माता-पिता के पास सकुशल वापस भेजा। चौकी इंचार्ज नितिन तरड़ ने बताया कि ऐलनाबाद निवासी रघुवीर सिंह भाट, जो गांव-गांव घूमकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और अब हरिपुरा गांव में रह रहे हैं, के तीन बच्चे शुक्रवार को रास्ता भटक गए। बच्चों में दस वर्षीय सुनील, 11 वर्षीय संजय कुमार और 13 वर्षीय प्रियंका शामिल थे। ये बच्चे मांगते हुए रास्ता भटक कर राजस्थान के गांव बेहरवाला पहुंच गए थे।
राजस्थान पुलिस के एसआई हंसराज ने बच्चों से पूछताछ की और उनके बताए रास्ते का पालन करते हुए रानियां खंड के हरिपुरा गांव पहुंचे। वहां से राजस्थान पुलिस ने करीवाला चौकी से संपर्क कर बच्चों को सौंप दिया। करीवाला पुलिस ने बच्चों के माता-पिता का पता लगाया और तीनों बच्चों को सकुशल उनके पास भेजा।
पुलिस पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि रघुवीर शराब पीने का आदी है और बच्चों की मां का निधन हो चुका है। बच्चों के पास न तो कोई आधार कार्ड था और न ही राशन कार्ड बना था। बच्चों को सकुशल प्राप्त करने पर परिजनों ने राजस्थान पुलिस और करीवाला चौकी पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर करीवाला चौकी इंचार्ज नितिन तरड़ ने राजस्थान पुलिस के एसआई हंसराज के सहयोग की सराहना की। इस दौरान राजस्थान पुलिस से एसआई हंसराज, करीवाला चौकी के मुख्य सिपाही रणवीर सिंह, एएसआई सुनील कुमार, मुकेश कुमार, विनोद कुमार और बच्चों के परिजन मौजूद थे।