गोरीवाला(सिरसा)। चकमा देकर भागे तस्कर को पुलिस ने सोमवार को चौटाला थाना के अंतर्गत गांव ढाणी सिखावाली से दबोच लिया। तस्कर पर कई मामले दर्ज हैं।
सीआईए को मुखबिर से सूचना मिली कि जसवीर सिंह उर्फ काला, निवासी मलिकपुरा अपने रिश्तेदार कुलदीप सिंह चौटाला गांव की ढाणी सिखावाली अपने रिश्तेदार के पास आया हुआ है। इस सूचना पर सीआईए डबवाली ने कुलदीप सिंह के घर के गेट के बाहर कार को रोक कर चेक किया तो चालक ने अपना नाम जसवीर सिंह उर्फ काला निवासी मलिकपुरा बताया। उसके कब्जे से 500 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने जसवीर सिंह उर्फ काला को गिरफ्तार कर अपने साथ थाने लाकर पूछताछ की।
बता दें कि 40 दिन पहले जसवीर सिंह उर्फ काला को खुइयां मलकाना टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो पुलिस को चकमा देकर टी प्वाइंट मसीतां की तरफ अपनी गाड़ी को भगा ले गया। एंटी नारकोटिक्स सेल ने जसवीर सिंह उर्फ काला का पीछा कर अपनी अन्य पुलिस टीम को भी सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तस्कर काला की घेराबंदी करते हुए गोरीवाला के पास उसे घेर लिया। वहीं पीछे आ रही एंटी नारकोटिक्स सेल के कर्मचारियों ने नीचे उतरकर जब उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने अपनी तेज रफ्तार गाड़ी को उनकी ओर घुमा दिया, जिससे पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बच गए। इसी दौरान पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, परंतु तस्कर काला भागने में सफल रहा। बता दें कि तस्कर काला के ऊपर हरियाणा व पंजाब में कई मामले दर्ज हैं। पिछले दिनों एंटी नारकोटिक्स सेल के पुलिस कर्मचारियों को कुचलने के प्रयास में भी पुलिस की ओर से मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।