ओढां। गांव नुहियांवाली में एक युवक पर गोलियां चलाने के मामले में ओढां पुलिस ने 5वें आरोपी गांव भादड़ा निवासी अर्शदीप गिल उर्फ गिल को गिरफ्तार किया है। वहीं बीते दो दिन पूर्व इस मामले में काबू कर रिमांड पर लिए गए चौथे आरोपी गांव नुहियांवाली निवासी अंकित सहारण से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्तौल बरामद किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों अर्शदीप गिल व अंंकित सहारण को शनिवार को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि बीती 25 अप्रैल को गांव नुहियांवाली में चौपाल के निकट मोटरसाइकिल पर सवार कुछ नकाबपोश युवकों ने मोटरसाइकिल पर जा रहे युवक विकास नेहरा निवासी गांव नुहियांवाली पर गोलियां चला दीं थी।
इस हमले में विकास को दो गोलियां लगी थीं। इस मामले में पुलिस ने घायल के भाई गगनदीप नेहरा के बयान पर हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस सोनू सहारण, दीपक व अक्षित सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि बीते दो दिन पूर्व मामले के चौथे आरोपी अंकित सहारण को गिरफ्तार कर पुलिस ने रिमांड पर लिया था।