सिरसा। ठगी करने में माहिर लोगों को सरकार की कैशलेस स्कीम बेहद रास आ रही है। एक नटवर लाल ने कैश लैस खरीददारी करके जिले में कई कारोबारियों को लाखों का चूना लगा दिया। कारोबारियों को जब धोखाधड़ी का पता चला तो उन्होंने आरोपी नटवर लाल की शिकायत शहर थाना पुलिस को कर दी। पुलिस लोग कैशलेस पेमेंट कर रहे है। ज्यादातर लोग चेक से भुगतान कर रहे हैं और इसी के चलते कारोबारियों को ठगी का शिकार होना पड़ रहा है।
दो दिसंबर को गांव रिसालियाखेड़ा निवासी विक्रम सिरसा शहर में खरीददारी करने आया था। वह शहर की सबसे व्यस्त भादरा बाजार में गया। यहां स्थित रामदेव पशु आहार में जाकर विक्रम ने कहा कि पशु आहार देना, उसने कई बारियां भरवा ली। जब रुपये देने की बारी आई तो उसने कारोबारी लक्ष्मी नारायण से कहा कि उसके पास एक हजार और 500 रुपये के पुराने नोट हैं। लक्ष्मी नारायण ने ये नोट लेने से मना कर दिया तो विक्रम ने कहा कि ‘सेठ जी सरकार कैसलेस को बढ़ावा दे रही है, हमें भी सरकार का सहयोग करना चाहिए, चलिए मैं आपको चेक दे देता हूं’ कैशलेस पेमेंट के चक्कर में कारोबारी लक्ष्मी नारायण आ गया। विक्रम ने उसे 42 हजार 800 रुपये का चेक दे दिया। इसके बाद विक्रम ने गणेश ट्रेड़िग कंपनी से हजारों रुपये का घी खरीदा और कैशलेस भुगतान को बढ़ावा देने के नाम पर 50 हजार रुपये का चेक कारोबारी को थमा दिया। पशु आहार और घी खरीदने के बाद विक्रम सुरतगढ़िया बाजार पहुंचा। वहां उसने एक फर्म से करीब 30 हजार रुपये का ट्यूबवेल का सामान खरीदा और कैशलेस पेमेंट करते हुए चेक कारोबारी को दे दिया। सिरसा से खरीददारी के बाजार विक्रम ने मंडी कालांवाली का रुख किया। इस मंडी में उसने विभिन्न फर्मों से लाखों का सामान खरीदा और सभी कारोबारियों को चैक से भुगतान किया। सभी चेक पीएनबी की रिसालिया खेड़ा ब्रांच के थे। कारोबारी लक्ष्मी नारायण ने चांदनी चौक स्थित पीएनबी शाखा में चेक लगाया तो बैंक मैनेजर ने उसे फोन करके बताया कि चेक पर अंकित अकाउंट नंबर गलत और ये चेक फर्जी है। बैंक मैनेजर की बात सुनकर लक्ष्मी नारायण सन्न रह गया। अन्य कारोबारियों को इस बात का पता चला तो वे भी सिर पकड़ कर बैठ गए।
हमारा गैंग है और पुलिस चौकी घर की
मैंने किसी तरह विक्रम के मोबाइल नंबर का पता लगाया। मोबाइल पर उसको कहा कि तुमने चेक पर फर्जी अकाउंट नंबर भरा है, तो विक्रम ने जवाब दिया कि सेठ हम तो बंदे ही गलत हैं, पूरा गैंग है हमारा। तू कुछ भी नहीं कर सकता क्योंकि गोरीवाला पुलिस चौकी भी हमारी ही है। पुलिस के पास जाने की गलती मत करना, नहीं तो तेरे बच्चे को उठा लेंगे। धमकी से मैं सहम गया, फिर पीड़ित कारोबारी एकत्रित होकर शहर थाने में गए और पुलिस को सारी बात बताई। थाना प्रभारी राम सिंह ने कार्रवाई का भरोसा देते हुए कारोबारियों को किसी से डरने की जरूरत नहीं।
- लक्ष्मी नारायण, कारोबारी।
जल्द होगी गिरफ्तारी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी विक्रम के खिलाफ ठगी और धमकी देने का केस दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू हो चुकी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। - सुरजीत सहारण, पुलिस प्रवक्ता, सिरसा