सिरसा।जेजे कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद कार्यकर्ता व अन्य। कार्यकर्ता
सिरसा। जेजे कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी सेंटर में वीरवार को बाल विवाह के दुष्प्रभावों व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत वीरवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में बाल विवाह जैसे सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूकता फैलाना और बेटियों की शिक्षा एवं सुरक्षा को बढ़ावा देना था।
प्रतिभागियों को बाल विवाह रोकने और बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की शपथ भी दिलवाई गई। इस दौरान सुपरवाइजर रेखा, आंगनबाड़ी कार्यकारी कार्यकर्ता रीना कौर, बिंदू और संतोष ने प्रतिभागियों को बाल विवाह की कानूनी उम्र, इसके दुष्परिणाम और इससे जुड़े सामाजिक व मानसिक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह न केवल बच्चों का भविष्य प्रभावित करता है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी कई गंभीर समस्याओं का कारण भी बनता है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि समुदाय का जागरूक होना और सही उम्र तक बच्चों की पढ़ाई सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में एमसी जेजे कॉलोनी बलविंद सिंह ने भी भाग लिया और लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान सिर्फ सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को अच्छी शिक्षा दें और उन्हें सुरक्षित व स्वस्थ वातावरण प्रदान करें। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लघु नाटिका, पोस्टर प्रदर्शन और संवाद सत्र के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।