सिरसा। नगर परिषद ने नागरिक अस्पताल रोड को आदर्श रोड बनाने को लेकर विशेष योजना बनाकर मुख्यालय भेजी है। नगर परिषद के अनुसार करीब साढ़े 14 करोड़ रुपये का खर्च इस प्रोजेक्ट पर आएगा। उम्मीद है कि जल्द ही इस प्रोजेक्ट को मुख्यालय से अनुमति मिल जाएगी।
बता दें कि शहरी स्थानीय निकायमंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया था। इस दौरान निकायमंत्री ने नागरिक अस्पताल रोड की ग्रीन बेल्ट को नया बनाने के आदेश दिए थे। उन्होंने कहा था कि शहर के इस ग्रीन बेल्ट और रोड को आदर्श रोड बनाओ। यह ग्रीन बेल्ट और रोड ऐसा होना चाहिए, जिससे शहर की पहचान बने। उन्होंने 15 दिनों के अंदर प्रोजेक्ट बनाकर मुख्यालय भेजने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए थे।
यह है मौजूदा स्थिति
1 - तीन किलोमीटर लंबी ग्रीन बेल्ट जगह-जगह से टूटी है।
2 - नगर परिषद ने शहर का मुख्य डंपिंग प्वाइंट ग्रीन बेल्ट में ही बनाया हुआ है।
3 - ग्रीन बेल्ट में लोगों ने फिर से अवैध रूप से कब्जा करना शुरू कर दिया है।
4 - बाईपास और नागरिक अस्पताल में बनी ग्रीन बेल्ट 4 से 5 फीट तक नीची हो गई है।
ग्रीन बेल्ट में ये कार्य होंगे
ग्रीन बेल्ट में भरत कर पौधरोपण किया जाएगा। उसके बाद वहां पर टाइलें और फव्वारे तथा बैठने के लिए बैंच लगेंगे। इसके साथ ग्रीन बेल्ट को रोशन करने के लिए आधुनिक लाइटें लगेंगी। इसके बाद नागरिक अस्पताल रोड को अपग्रेड किया जाएगा। बच्चों के लिए वहां पर झूले और युवाओं के लिए ओपन जिम बनेगी। साथ लगते रोड पर डिवाइडर बनाने का भी कार्य होगा।
नागरिक अस्पताल की ग्रीन बेल्ट का सुंदरीकरण कर रोड को अपग्रेड किया जाएगा। साढ़े तीन किलोमीटर लंबी ग्रीन बेल्ट और रोड को आदर्श रोड बनाया जाएगा। इससे संबंधित प्रोजेक्ट बनाकर मुख्यालय भेज दिया गया है। -प्रवीण शर्मा, कनिष्ठ अभियंता, नगर परिषद सिरसा।