बच्चों को सम्मानित करते हुए क्लब के सदस्य।
डबवाली। वरच्युस क्लब ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मसीतां में पेड़ पौधा बैंक के चौथे चरण के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ और बच्चों को 31 पौधे और 11 गमले भेंट किए गए। इस दौरान रुंख लगाओ, धी बचाओ, पानी दा सत्कार करो... गीत पर बच्चों ने कला के रंग भी बिखेरे।
पेड़-पौधा बैंक प्रमुख डॉ. बीर चंद गुप्ता ने कहा कि हरियाली से मन प्रसन्न होता है और तनाव कम होता है। एक वृक्ष हमें अनगिनत सांसें देता है, जिससे जीवन बचता है। वन महोत्सव हरियाली की नई सुबह का आह्वान है। डॉ. गुप्ता ने पेड़ों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ-साथ आस्था के गहरे संबंध पर भी प्रकाश डाला और इसे हमारे और पेड़ों के बीच विश्वास और आशा का रिश्ता बताया।
डॉ. बीर चंद गुप्ता ने अपनी स्वयं लिखित कविता ‘’मां धरती आज करे पुकार’’ सुनाकर एक सशक्त संदेश दिया। क्लब के पीआरओ सोनू बजाज ने बताया कि स्कूल की छात्रा शगनप्रीत ने पौधरोपण के महत्व पर एक कविता सुनाई। छात्रा जश्न और राबिया ने अपने जन्मदिन पर क्लब सदस्यों को आम का पौधा भेंट किया।
इस अवसर पर प्रधान हरदेव गोरखी ने कहा कि संस्थापक केशव शर्मा के नेतृत्व में वरच्युस क्लब द्वारा लगातार अपना सामाजिक दायित्व निभाया जा रहा है। उन्होंने प्रकृति के वरदान वृक्षों के संरक्षण का आह्वान किया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. निर्मल सिंह ने कहा कि पेड़, पर्यावरण और हम सब मिलकर ही भविष्य के लिए हरी-भरी धरती का निर्माण कर सकते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने स्कूल के लगभग 450 विद्यार्थियों को एक विशेष संकल्प दिलाते हुए उन्हें पौधे लगाने व उनकी देखभाल भी करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन क्लब सचिव नरेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ सदस्य लवलीन नागपाल, दिलबाग सिंह, राजेश सिहाग, कुलदीप सिंह, थाना सिंह, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।