- 27-28 फरवरी दो दिवसीय मेले में आरती, महारास, भजन संध्या और चंग धमाल आकर्षण
फोटो- 4
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नोहरिया बाजार के प्राचीन श्री श्याम मंदिर में रविवार देर शाम को विशेष बैठक हुई। बैठक में 27 व 28 फरवरी को आयोजित होने वाले फाल्गुन मेले के लिए विशेष चर्चा हुई और रूपरेखा तैयार की गई।
इस बैठक में मंदिर परिसर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श हुआ ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में सुनील शर्मा योगी, रमन सर्राफ, राजकुमार सर्राफ, सुरेंद्र साहुवाला, प्रवीण महिपाल, हेमंत साहुवाला, मनीष सोनी, दीपक गुप्ता, मुकेश बंसल, समीर सिंघल व अन्य मौजूद रहे।
इस प्रकार रहेगा कार्यक्रम
मंदिर सह संरक्षक तेजपाल शर्मा ने बताया कि 27 फरवरी, एकादशी के अवसर पर सुबह श्याम बाबा की शृंगार आरती के साथ मेले का शुभारंभ होगा। इसके उपरांत बाबा को बाल भोग अर्पित होगा और प्रसाद वितरित किया जाएगा। शहर और आसपास के गांवों से ध्वजा लेकर आने वाले पैदल यात्रियों स्वागत किया जाएगा।
- सुबह 9 बजे मंदिर में नटराज आर्ट ग्रुप महारास नृत्य प्रस्तुत करेगा।
- दोपहर 12 बजे भोग आरती के समय बाबा को छप्पन भोग लगाया जाएगा। प्रसाद वितरण होगा।
- शाम 5 बजे भजन संध्या आरंभ होगी, जिसमें अबोहर से आए विशु गर्ग और मनीष म्यूजिकल ग्रुप प्रस्तुतियां देंगे।
- शाम 7:15 बजे बाबा को कढ़ी-बाजरी खिचड़ी का भोग लगाया जाएगा।
28 को इस प्रकार चलेंगे कार्यक्रम
- सुबह 9 बजे बाबा की बारस धोक लगाई जाएगी और पावन ज्योत प्रज्वलित की जाएगी।
- सुबह 10:15 बजे रसोई भंडारा आरंभ होगा, जिसमें भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे।
- रात्रि 9 बजे फागुन विशेष चंग धमाल का आयोजन होगा। राजस्थान के राजलदेसर से प्रसिद्ध कमल चंग पार्टी ग्रुप प्रस्तुति देगा।