कालांवाली। कूड़े को लेकर सफाई कर्मचारियों को निर्देश देते हुए पालिका के एमई सुमित। संवाद
कालांवाली। शहर की शहीद भगत सिंह मार्केट में शहीद भगत सिंह पार्क के साथ गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। इस कारण लोगों का यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। इस पर मार्केट के दुकानदारों की ओर से बुधवार को नगर पालिका प्रशासन के प्रति रोष जताते हुए कचरे के ढेर को हटवाने की मांग की।
दुकानदार राकेश कुमार, हेम राज, बंटी अरोडा, भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष संजय गाबा, राम कुमार, ओमप्रकाश आदि ने बताया कि नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की ओर से आसपास के क्षेत्र का कचरा एकत्रित कर पार्क के पास ढेर लगा दिया जाता है, जोकि काफी समय तक यहां पर पड़ा रहता है।
दुकानदारों के रोष जताने पर नगर पालिका के एमई सुमित मौके पर पहुंचे और दुकानदारों की समस्या सुनी। भाजपा नेता संजय गाबा ने कहा कि नगर पालिका का ट्रैक्टर वहां से कचरा उठाकर लेकर गया तो उसके कुछ मिनटों बाद ही पालिका के सफाई कर्मचारी कूड़े का रिक्शा भर कर वहां पर फेंक गए। इस पर दुकानदारों ने रोष जताया। उन्होंने बताया कि आसपास के दुकानदार व सब्जी की रेहड़ी लगाने वाले गंदगी वहीं पर फेंकते हैं। इससे मार्केट के दुकानदार परेशान हैं।
एमई ने ट्रैक्टर को बुला कचरा हटवाया
नगर पालिका के एमई सुमित कुमार ने दुकानदारों की मांग पर ट्रैक्टर को बुलाकर कचरा हटवाया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे कचरा उठाने वाले ट्रैक्टर वाले से आपसी तालमेल बना कर चलें, ताकि वहां से कचरा उठने के बाद दोबारा से वहां पर एकत्रित न हो। इसके अलावा उन्होंने सब्जी की रेहड़ी लगाने वालों को भी मौके पर बुला कर सख्त निर्देश दिए कि वे खुले में कचरा न फेंके जब ट्रैक्टर आए तो उसमें ही कचरा डालें। यदि कोई व्यक्ति पार्क के साथ कचरा फेंकते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।