चांद-सितारा बना होने पर खेतों में काम कर रहे किसानों ने पुलिस को दी सूचना
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण, विज्ञापन के लिए छोड़ा गया गुब्बारा होने की जताई संभावना
फोटो - 24
संवाद न्यूज एजेंसी
चोपटा। हरियाणा और राजस्थान की सीमा से सटे सिरसा जिले के गांव जमाल में रविवार सुबह एक किसान के खेत में विमान के आकार का गुब्बारा गिरा। इस गुब्बारे पर पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) लिखा था और साथ में चांद-सितारे का निशान बना हुआ था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया। यह घटना जमाल-नेठराना रोड स्थित किसान जगत पाल बेनीवाल के खेतों में हुई। सुबह खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर इस विमान जैसी आकृति पर पड़ी।
पास जाकर देखने पर इस पर पीआईए लिखा हुआ दिखाई दिया। चांद-सितारे के निशान ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए जमाल पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही जमाल चौकी प्रभारी सुबे सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने खेत में मिले गुब्बारे का बारीकी से निरीक्षण किया। चौकी प्रभारी सुबे सिंह ने ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूरी जानकारी जुटाई।
उन्होंने बताया कि किसान जगत पाल बेनीवाल के खेत में मिला यह गुब्बारा बेहद हल्का है। संबंधित कंपनियां विज्ञापन के लिए इस प्रकार के गुब्बारों का इस्तेमाल करती हैं।
हवा के रुख से पहुंचने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह एक हल्का प्रचार गुब्बारा है। हवा के तेज रुख के कारण यह उड़ते हुए हरियाणा-राजस्थान सीमा के इस क्षेत्र तक पहुंच गया और खेतों में गिर गया। पुलिस ने गुब्बारे को अपने कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से यह प्रारंभिक जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।