तीसरे चरण के लिए हुए पंचायत चुनाव में नाथूसरी चोपटा और सिरसा खंड में सबसे बड़े गांव जमाल में सबसे बड़ी जीत हुई। वहां सरपंच पद के उम्मीदवार नंदलाल बैनीवाल को 21 सौ वोटों से रिकॉर्ड विजय हासिल हुई है।
इस गांव के परिणाम पर जिले भर की नजरें लगी हुई थीं। युवा सरपंच नंदलाल बैनीवाल चौधर की विरासत को संभालने में सफल रहे हैं। सिरसा और नाथूसरी चोपटा खंड में जमाल गांव सबसे बड़ा गांव है।
जहां पर नंदलाल बैनीवाल ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 21 सौ वोटों से हराकर चौधर का ताज हथियाने में सफलता हासिल की है।
नंदलाल के लिए यह पद इसलिए भी मूंछ का सवाल बन गया था, क्योंकि पिता मुंशीराम बैनीवाल जमाल के 38 वर्षों तक सरपंच रहे थे। उनकी विरासत को संभालने के दायित्व को नंदलाल ने बखूबी संभाला है।
सबसे बड़े गांव के परिणाम को लेकर जिले में कई दिनों से चर्चाएं थीं। नंदलाल ने बताया कि वह इस पद की गरिमा को भली-भांति जानता है, इसलिए लोगों की भावनाओं को कभी ठेस नहीं पहुंचने देगा।
उसने बताया कि गांव का विकास और भाईचारे को कायम रखना ही उसकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि कन्या शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, महिला सशक्तीकरण, रोजगार, खेलों आदि के क्षेत्र में कार्य कर लोगों की भावनाओं की कद्र की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पिता ने सरपंच रहते हुए सच्चाई का साथ दिया, उसी प्रकार मैं भी सच्चाई का साथ दूंगा, ताकि पंचायती तौर पर किसी के साथ अन्याय न हो।