संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले की अनाज मंडियों में तीन दिन से खरीद बंद होने के बाद मंगलवार से धान की सरकारी खरीद दोबारा शुरू होगी। आढ़ती एसोसिएशन की ओर से 7 नवंबर से 9 नवंबर तक खरीद बंद रखी गई थी।
इस दौरान प्रशासन और खरीद एजेंसियों का मुख्य फोकस मंडियों में पहले से खरीदे गए धान की उठान करवाने तथा फसल के भंडारण के लिए जगह खाली करवाने पर रहा। अब खरीद शुरू होने के साथ ही मंडियों में धान की आवक बढ़ने की संभावना है।
किसानों और आढ़तियों को उम्मीद है कि खरीद प्रक्रिया शुरू होने से मंडियों में कामकाज फिर रफ्तार पकड़ेगा। जिले की मंडियों में इस सीजन में अब तक करीब 70 प्रतिशत धान पहुंच चुका है जबकि लगभग 30 प्रतिशत धान की आवक अभी बाकी है।
ऐसे में आगामी दिनों में मंडियों पर दबाव बढ़ सकता है। खरीद बंद रहने के दौरान प्रशासन की ओर से विभिन्न मंडियों में उठान की स्थिति पर नजर रखी गई और खरीद एजेंसियों को तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इसका उद्देश्य मंडियों में जमा धान को जल्द गोदामों तक पहुंचाकर नई फसल के लिए जगह उपलब्ध करवाना था।
उठान की रफ्तार धीमी रहने की आशंका
धान खरीद सीजन के दौरान मंडियों में उठान की धीमी रफ्तार रहने की आशंका है क्योंकि दिवाली के बाद भैया दूज और छठ पूजा के चलते प्रवासी मजदूर अपने घरों को जा चुके हैं। ऐसे में धान की गति धीमी हो सकती है। हालांकि, राजस्थान व स्थानीय मजदूरों से मंडियों में पूरी तरह से व्यवस्था बनाई जाएगी ताकि उठान का काम जारी रहे। वहीं, तीन दिन तक खरीद बंद रखकर उठान को प्राथमिकता दी गई। प्रशासनिक स्तर पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन सहित संबंधित एजेंसियों को उठान में तेजी लाने के लिए सक्रिय रखा गया।
आवक बढ़ने से फिर बढ़ेगा मंडियों पर दबाव
10 नवंबर से खरीद शुरू होने के बाद मंडियों में किसानों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। जिन किसानों की फसल अभी मंडियों तक नहीं पहुंची है वे भी आगामी दिनों में धान लेकर पहुंचेंगे। ऐसे में खरीद के साथ-साथ उठान की रफ्तार बनाए रखना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी। यदि उठान सुचारु रही तो किसानों को फसल उतारने और बेचने में कम परेशानी होगी। वहीं, उठान धीमी रहने पर मंडियों में दोबारा जगह की कमी और अव्यवस्थाओं की स्थिति बन सकती है।
धान खरीद का आंकड़ा 2.91 लाख मीट्रिक टन पार, 37,971 किसानों को मिला लाभ
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, सात नवंबर तक खरीद एजेंसियों की ओर से अब तक न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 2,91,789 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं, मंडियों से 2,00,213 मीट्रिक टन धान की उठान भी हो चुकी है। खरीद के मामले में कालांवाली अनाज मंडी जिले में पहले स्थान पर बनी हुई है जहां अब तक 66,221 मीट्रिक टन धान की खरीद दर्ज की गई है। जिले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने अब तक 90,563 मीट्रिक टन, हैफेड ने 1,40,390 मीट्रिक टन तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 60,836 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। धान खरीद से अब तक जिले के 37,971 किसान लाभान्वित हुए हैं।
इन एजेंसियों ने इतना खरीदा धान
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के माध्यम से 10,500, हैफेड के माध्यम से 21,297 तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से 6,174 किसानों से धान खरीदा गया है। मंडीवार खरीद के आंकड़ों के अनुसार कालांवाली मंडी में सर्वाधिक 66,221 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। डबवाली मंडी 48,161 मीट्रिक टन के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा, सिरसा मंडी में 21,170 मीट्रिक टन, रोड़ी में 14,370 मीट्रिक टन, अबूबशहर में 13,196 मीट्रिक टन, ऐलनाबाद में 9,765 मीट्रिक टन, रानियां में 7,983 मीट्रिक टन तथा देसूजोधा मंडी में 7,897 मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है।