उपायुक्त शांतनु शर्मा बैठक करहते हुए।
सिरसा। उपायुक्त शांतनु शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत बैठक हुई। इसमें उपायुक्त ने आदेश दिए गए कि जिन पेड़ व बिजली के पोल का सड़क दुर्घटना का कारण बनने का अंदेशा हो उन्हें हटाया जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करते हुए समय पर एटीआर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों की समीक्षा की और यातायात नियमों की प्रभावी रूप से पालना करवाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह दिए आदेश
- राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्लिंकर व साइनेज की सही तरीके से व्यवस्था हो।
- टोल प्लाजा के पास मूलभूत सुविधाएं व एंबुलेंस व्यवस्था होनी चाहिए।
- जिला में सड़कों को जहां मार्किंग की आवश्यकता है, वहां पर मार्किंग करवाई जाए, ताकि इस कारण सड़क हादसे न हो।
- जहां ब्रेकर बनाए हैं, वहां पर दिशा सूचक व सफेद पट्टी होनी चाहिए, जिससे कि रात के समय हादसे न हो।
ब्लैक स्पॉट की करें पहचान
उपायुक्त ने कहा कि जिले में हाईवे व शहर के बीच में कुछ ऐसे ब्लैक स्पॉट हैं, जहां पर निरंतर हादसे होते रहते हैं। सुरक्षा के लिए जिले में स्थित ब्लैक स्पॉट की पहचान अवश्य हो। इन ब्लैक स्पॉट पर जरूरी कार्रवाई करते हुए इन्हें दुर्घटना रहित बनाया जाए। नेशनल हाइवे पर सुचारू लाइटिंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शहर के सड़क व चौराहों और राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोशनी का व्यवस्था हो। इसके अलावा पुल व रेलिंग आदि भी दुरुस्त करते हुए संबंधित विभाग समय-समय पर निरीक्षण करें। उन्होंने बताया कि सुरक्षित वाहन पॉलिसी के तहत समय-समय पर स्कूल की बसों की चैकिंग की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।