चोपटा व सिरसा खंड के 28 गांवों में बनाए जाएंगे ओपन जिम
ग्राम विकास के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की ग्रांट जारी, चार सड़कों का भी किया जाएगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। नाथूसरी चोपटा और सिरसा के गांवों में ओपन जिम लगाने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। हाल ही में, इन दोनों क्षेत्रों के 28 गांवों में ओपन जिम के लिए ग्रांट जारी की गई है। यह ग्रांट ग्राम विकास के अंतर्गत ओपन जिम और सड़क निर्माण के लिए जारी की गई है, जिसकी कुल राशि एक करोड़ रुपये है। यह सूचना विधायक गोकुल सेतिया ने अपनी सोशल मीडिया आईडी पर साझा की।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती जा रही है और अब ग्रामीणों में जिम और खेल स्टेडियम जैसी सुविधाओं की मांग भी लगातार बढ़ रही है। पहले जहां पार्कों और स्कूलों के खुले क्षेत्रों में व्यायाम और खेल कूद की सुविधाएं बनाई जा रही थीं, वहीं अब ओपन जिम की जरूरत महसूस की जा रही थी। ओपन जिम ग्रामीणों को बिना किसी शुल्क के व्यायाम करने का मौका प्रदान करेगा, जिससे उनकी सेहत में सुधार होगा और उन्हें शहरी क्षेत्रों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नाथूसरी चोपटा और सिरसा के 28 गांवों में ओपन जिम लगाए जाएंगे, जिनमें नाथूसरी ब्लॉक के 15 गांव और सिरसा के 13 गांव शामिल हैं। यह परियोजना गांवों के विकास के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इन जिमों में विभिन्न प्रकार की मशीनें और उपकरण होंगे, जिन्हें स्थानीय लोग अपनी सुविधा अनुसार उपयोग कर सकेंगे।
ग्रामीणों को मिलेगा बड़ा लाभ
इस ओपन जिम के स्थापित होने से सबसे अधिक फायदा बुजुर्गों को होगा, जो सुबह और शाम को नियमित रूप से जिम का लाभ ले सकेंगे। इसके अलावा, युवाओं को अब शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, क्योंकि ओपन जिम में उन्हें अपने गांव में ही व्यायाम करने का अवसर मिलेगा। महिलाओं के लिए भी यह एक बड़ी सुविधा होगी, क्योंकि वे इन जिम मशीनों का उपयोग करके अपनी फिटनेस को बेहतर बना सकेंगी। यह परियोजना ग्रामीण महिलाओं के लिए एक नया अवसर लेकर आएगी, जिससे उनके जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा।
गांवों की सूची
चोपटा खंड के इन गांवों में बनेगी जिम
नेजिया खेड़ा
नारायण खेड़ा
अलीमोहम्मद
गादली
शहीदांवाली
चौबुर्जा
सलारपुर
शाहपुर बेगू
धिंगतानिया
रंगड़ी खेड़ा
कंवरपुरा
केलनियां
कंवरपुरा
चाडीवाल
साहूवाला- द्वितीय
कैरांवाली
-
सिरसा खंड के इन गांवों में बनेगी जिम
कुक्कड़थाना
बाजेकां
नहराना
डिंग मंडी
ताजिया खेड़ा
फूलकां
शेरपुरा
नटार
कुसुंबी
मोचीवाली
श्मशाबाद पट्टी
कंगनपुर
जोधकां
यहां बनेगी सड़क
चोपटा खंड के गांव चोबुर्जा और जोधंका में सड़कों का निर्माण होगा। सिरसा के बाजेकां में दो सड़कों का निर्माण होगा। इनमें पर 47 लाख रुपये का खर्च आएगा।
कोट्स
28 गांवों में ओपन जिम खोलने के लिए ग्रांट जारी हुई है। इनमें नाथूसरी चोपटा और सिरसा के गांव शामिल है। चार सड़कों का निर्माण भी किया जाएगा। विकास कार्यों को लेकर कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। - गोकुल सेतिया, विधायक