संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 6 जुलाई तक राज्य के 1,99,18,634 (96.43%) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 1,22,08,806 (59.11%) गणना प्रपत्र बीएलओ के माध्यम से डिजिटाइज कर पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं।
जिला जनसूचना व जनसंपर्क अधिकारी रामनाथ ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदाता को बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र की दो प्रतियां दी गई हैं। मतदाता एक प्रति में अपना विवरण भरकर बीएलओ को वापस जमा करेंगे जबकि दूसरी प्रति पर बीएलओ हस्ताक्षर कर उसे रसीद के रूप में मतदाता अथवा परिवार के किसी वयस्क सदस्य को लौटाएंगे।
रामनाथ ने बताया कि 21 जुलाई को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त होंगे। यदि किसी मतदाता का गणना प्रपत्र निर्धारित समय तक बीएलओ को प्राप्त नहीं होता है तो उसका नाम प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में शामिल नहीं किया जाएगा। मतदाता अपना गणना प्रपत्र आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन भी भर सकते हैं।
रामनाथ ने कहा कि गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करने के लिए अब लगभग एक सप्ताह का समय शेष है। ऐसे में सभी मतदाताओं से अपील है कि वे अपने गणना प्रपत्र में सही जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित समय पर बीएलओ को जमा कराएं तथा प्राप्ति रसीद के रूप में बीएलओ से हस्ताक्षरित दूसरी प्रति अवश्य प्राप्त करें।