ओढां। गांव ओढां के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा नौंवी व 11वीं में सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं। प्राचार्य ललित कालड़ा ने बताया कि जिले में पढ़ रहा कोई भी विद्यार्थी, जोकि वर्तमान सत्र में कक्षा आठवीं व दसवीं में पढ़ रहा है, वह प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकता है। कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए आवेदक की जन्म तिथि एक मई 2010 से 31 जुलाई 2012 के मध्य होनी चाहिए। वहीं कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए आवेदक की जन्म तिथि एक जून 2008 से 31 जुलाई 2010 के मध्य होनी चाहिए। प्राचार्य ने बताया कि दोनों कक्षाओं में प्रवेश के लिए परीक्षा आगामी वर्ष में 8 फरवरी को होगी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्तूबर है। आवेदन के लिए किसी प्रकार के फॉर्म को अपलोड करने की आवश्यकता नहीं है। आवेदक किसी भी अटल सेवा या कॉमन सर्विस सेंटर पर अपने परिजन के साथ जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संवाद