मेरठ के ध्यानार्थ
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। साइबर थाना टीम ने शेयर मार्केट में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले रिहान को रविवार को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी कुलप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे अनु शर्मा नामक इंस्टाग्राम आईडी से एक संदेश प्राप्त हुआ। उसमें कम समय में ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। झांसे में आकर पीड़ित ने शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे किए। साइबर अपराधियों ने विश्वास जीतने के लिए प्रारंभिक निवेश पर दोगुनी राशि उसके खाते में वापस भेजी।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को अधिक लाभ का प्रलोभन देकर बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। लालच में आकर पीड़ित ने कुल 5 लाख 59 हजार 250 रुपये ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कर दिए। जब पीड़ित ने निवेश की गई राशि निकालने के लिए भेजे गए लिंक पर क्लिक किया तो लिंक बंद हो चुका था। तब उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी रिहान निवासी गांव पीपली खेड़ा, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश, थाना लोहिया नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।