सीआईए सिरसा ने रुपये दोगुने करने के मामले में आरोपियों से 1.70 लाख की नकदी, एक गाड़ी व एक स्कूटी बरामद की है। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के तीन अन्य की भी पहचान कर ली है।
बता दें कि रुपये दोगुने करके लौटाने के मामले में सीआईए ने 27 मार्च को आरोपियों को अदालत में पेश किया था। अदालत ने गिरोह के गुर्गे जगदेव सिंह उर्फ कीडी निवासी बरनाला व भूरा सिंह निवासी कीर्तिनगर सिरसा का दो दिन का पुलिस रिमांड लिया था, जबकि गिरोह के अन्य जीवन सिंह निवासी बरनाला व अशोक कुमार निवासी भारत नगर, सिरसा को जेल भेज दिया। गिरोह के चारों गुर्गों को सिरसा सीआईए ने शुक्रवार को सिरसा व बरनाला से गिरफ्तार किया था। आरोपियों के खिलाफ मानसा निवासी जुगराज सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी। जुगराज सिंह से ठगों ने दो लाख 40 हजार रुपये दोगुना करने का लालच देकर ठगे थे। सीआईए इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ करने के बाद 1.40 लाख की नकदी, एक गाड़ी और एक स्कूटी बरामद कर ली गई है। आरोपियों को जेेल भेज दिया गया है। तीन अन्य युवकों की पहचान भी हो चुकी है। जल्द उन्हें भी हिरासत में लिया जाएगा।