पुलिस ने मध्य प्रदेश से दाल लादकर आ रहे एक ट्राले से एक किलो अफीम बरामद की है। बरामद की गई अफीम की कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। पुलिस ने इस मामले में ट्राले को जब्त करते हुए चालक व परिचालक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश बिश्नोई ने बताया कि पुलिस को एक मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से एक ट्राला दाल लादकर वाया राजस्थान से ऐलनाबाद होते हुए पंजाब के अमृतसर की ओर जा रहा है। उस ट्राले में अफीम की तस्करी होती है। मुखबिर से सूचना पाकर डबवाली के सीआईए प्रभारी राजाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऐलनाबाद के उधम सिंह चौक में एक नाका लगाया था। कुछ देर बाद ट्राला नंबर आरजे 52 जीए 1211 मौके पर आया, जिस पर दाल लदी हुई थी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ट्राले की तलाशी ली गई तो उसमें से एक किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए ट्रक चालक की पहचान सैनेपाल निवासी गुरजीत सिंह व कंडक्टर की पहचान सैनपाल निवासी गुरदेव सिंह के रूप में हुई है।