9 किलो चूरापोस्त सहित युवक काबू
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। जिला सीआईए डबवाली पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान गांव हरिपुरा क्षेत्र से मोटरसाइकिल सवार एक युवक को 9 किलोग्राम चूरापोस्त के साथ काबू किया है। पकड़े गए युवक की पहचान मालक सिंह निवासी करीवाला के रूप में हुई है। सीआईए डबवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर वजीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर दो लोगों के खिलाफ थाना रानियां में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया की सीआईए डबवाली पुलिस टीम के सहायक उप निरीक्षक राजवीर सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम चेकिंग के दौरान गांव हरिपुरा क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार युवक ने पुलिस पार्टी को देखकर भागने की कोशिश की तो शक के आधार पर उक्त युवक को रोककर उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जा से 9 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पकडे़ गए युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान चूरापोस्त तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।