शिक्षा विभाग की टीम पहुंचने पर अन्य स्कूलों में भी अफरा-तफरी
- फोटो : Amar Ujala
शिक्षा विभाग की टीम का स्कूलों में किताबें और पाठ्यसामग्री बेचने को लेकर छापामारी अभियान जारी है। बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में टीम शहर के जीआरजी और महाराजा अग्रसेन स्कूल पहुंची। टीम ने दाखिलों के दौरान लोगों की ओर से आ रही शिकायतों के अनुसार निरीक्षण किया। जो कुछ नियम के खिलाफ पाया गया उसको लेकर नोटिस जारी किया जाएगा। यह अभियान जारी रहेगा।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. आत्म प्रकाश मेहरा के नेतृत्व में गठित टीम आज जीआरजी और महाराजा अग्रसेन स्कूल में निरीक्षण करने पहुंची। विभाग को शिकायतें मिल रही हैं कि प्राइवेट स्कूलों द्वारा नियमों के खिलाफ स्कूलों में ही किताबें और पाठ्यसामग्री दी जा रही हैं। इतना ही नहीं खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है। इसके अलावा कुछ स्कूल ऐसे हैं जहां पर किताबें बेची तो नहीं जाती पर उन द्वारा बताई गई किताबें एक विशेष दुकानदार के पास ही मिलती हैं। उस दुकानदार का नाम और पता स्कूल में ही बता दिया जाता है। ऐसे मामलों को लेकर शिक्षा विभाग ने स्कूलों में निरीक्षण का अभियान चलाया है। इससे पूर्व कई स्कूलों में किताबें पकड़ी भी गई हैं।
इसी कड़ी में आज जीआरजी स्कूल की कैंटीन में किताबें रखी हुई मिली। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. यज्ञदत्त वर्मा ने बताया कि जीआरजी और महाराजा अग्रसेन स्कूल में जो कमियां पाई गई उनको लेकर नोटिस जारी किए जाएंगे। यदि सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार अभियान जारी रहेगा। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि किसी भी स्कूल में किताबें व पाठ्यसामग्री बेचने या किसी खास दुकानदार से खरीदने के लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा कहा जाता है तो विभाग को तुरंत शिकायत करें उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. यज्ञदत्त वर्मा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि वे अभिभावकों जागरूक करे कि वे अपने बच्चों को मान्यता प्राप्त विद्यालयों में दाखिला दिलवाए।