जिले की आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेलने के लिए झूले मिलेंगे। महिला एवं बाल विकास परियोजना सिरसा को मुख्यालय द्वारा प्री स्कूल एक्टिविटी के तहत बच्चों के लिए दो प्रकार के झूले भेजे गए हैं। ये झूले सिरसा जिले में पहुंच गए हैं। प्रत्येक आंगनबाड़ी में दो झूले दिए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास परियोजना मुख्यालय से जिले की आंगनबाड़ी के लिए 450 झूले भेजे गए। जिसमें दो प्रकार के झूले शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार जिले में 1377 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। लेकिन मुख्यालय द्वारा केवल 450 झूले ही दिए गए हैं। इस हिसाब से दोनों प्रकार के एक-एक झूले अगर सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को दिए जाएं तो दोनों प्रकार के 2754 झूले महिला एवं बाल विकास परियोजना सिरसा को दिए जाने चाहिए थे। जबकि विभाग के द्वारा केवल 450 झूले ही जिले में भेजे गए। इससे पहले 2013 में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए झूले दिए गए थे। जिसमें प्रत्येक आंगनबाड़ी को एक-एक झूला दिया गया था तथा इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र को बच्चों के बैठने के लिए कुर्सियां भी दी गई थीं। छह वर्ष बीतने के बाद साल 2019 में आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए झूले आए हैं, जो कि पर्याप्त संख्या में नहीं है।
कैसे किया जाएगा वितरण, इसकी जानकारी नहीं
सिरसा सीडीपीओ शूचि बजाज ने बताया कि अभी तक उनके पास कोई जानकारी नहीं है कि यह झूले नए आंगनबाड़ी केंद्र में देने हैं या पुराने चल रहे केंद्रों में। सोमवार तक उन्हें पता चलेगा की किस प्रकार झूलों का वितरण किया जाना है। बीते दिन जानकारी मिली थी कि मुख्यालय से झूले आए हैं। 450 झूले अभी तक आए हैं। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या 1377 है। अभी तक हमारे पास कोई ऑर्डर नहीं आया है कि झूलों का वितरण किस प्रकार करना है।
-शूचि बजाज, सीडीपीओ, सिरसा।