सिरसा शहर सोमवार को कोरोना मुक्त हो गया है। जिले में अब कोई भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं है। शहर के शिव नगर निवासी पवन और सी ब्लॉक निवासी सुनील की रिपोर्ट सोमवार को निगेटिव आई है। सुनील का सैंपल जांच के लिए पीजीआई में भेजा गया था। जबकि पवन पांच मई से सिविल अस्पताल में दाखिल था। दोनों रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सिविल अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। साथ ही उन्हें हिदायतें दी गई कि वह अगले 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहेंगे।
बता दें कि शिवनगर कॉलोनी के रहने वाले पवन को पांच मई को खुद ही खांसी और जुकाम की शिकायत लेकर सिविल अस्पताल में इलाज के लिए गया था, जहां कोरोना का लक्षण मिलने पर उसे स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शिवनगर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया था। वहीं सी ब्लॉक निवासी सुनील 14 मई को दिल्ली अपनी बेटी को मिलने गया था, उसकी बेटी आर उसका परिवार पहले ही करोना पॉजिटिव था। 15 मई को दिल्ली के अपोलो हास्पिटल में सुनील और उसकी पत्नी के सैंपल लिए गए। उसकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई। जबकि 16 मई को सुनील की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया था। जिसके बाद सी ब्लॉक को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया था, वहीं दो दिनों बाद ही उसकी दूसरी रिपोर्ट सोमवार को निगेटिव आई। इसलिए रिपोर्ट निगेटिव आने पर दोनों मरीजों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन होने के निर्देश देते हुए घर पहुंचा दिया गया। शहर के शिव नगर निवासी पवन जब कॉलोनी में पहुंचा तो कॉलोनी वासियों ने थाली और फूल बरसा कर उसका स्वागत किया। पार्षद प्रतिनिधि दौलतराम सुखरालिया ने बताया कि हमारे लिए बड़ी खुशी की बात है कि शिवनगर का निवासी पवन कोरोना को मात देकर घर वापस पहुंचा है सभी गली वासियों ने उसका गर्मजोशी से थालियां और तालियां बजाकर स्वागत किया।