सिरसा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) डिंग में जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत नव पदोन्नत प्रधानाचार्यों के लिए चल रहे परिचयात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को समापन हो गया। समापन समारोह में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा के अंग्रेजी विभाग से प्रोफेसर डॉ. उमेद सिंह यादव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
प्रोफेसर उमेद सिंह यादव ने हरियाणा में विद्यालय मुखियाओं के लिए अहिंसक संचार नीतियां विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत करते कहा कि अहिंसक संचार नीतियां विद्यालय में एक सकारात्मक माहौल पैदा करती हैं। वहीं विद्यालय मुखियाओं को अपने छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ प्रभावी ढंग से संवाद करने में मदद करती हैं।
राजकीय नेशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष डाॅ. सत्यपाल बिश्नोई ने बतौर विशिष्ट अतिथि प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिरकत की। डाइट प्रवक्ता डॉ. विनोद भट्टू ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता डाइट वरिष्ठ प्रवक्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम समन्वयक चंद्र प्रकाश शर्मा ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिथियों के पहुंचने के उपरांत वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. सोम प्रकाश ठकराल, पवन कनौजिया, डाॅ. राजेश खुराना डाॅ. अनिल बिश्नोई एवं डाॅ. अनिल चावला ने डाइट की तरफ से आए हुए अतिथियों का स्वागत किया गया। राजकीय नेशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डाॅ. सत्यपाल बिश्नोई ने स्कूल मुखियाओं के लिए व्यावहारिक कौशल विषय पर बोलते हुए कहा कि एक विद्यालय मुखिया अपने व्यावहारिक कौशल के दम पर अपने विद्यालय में एक सकारात्मक एवं उत्पादकता पूर्ण वातावरण पैदा करते हुए उच्च आयामों को छू सकता है।
अंत में मुख्य अतिथि प्रोफेसर यादव ने सभी नव पदोन्नत प्रशिक्षु प्रधानाचार्यों को प्रमाण पत्र भेंट करते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की। सभी नव पदोन्नत प्रशिक्षु प्रधानाचार्यों से फीड बैक फॉर्म भरवाया गया। इसमें प्रशिक्षु प्रधानाचार्यों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रति अपना सकारात्मक फीडबैक दिया। इस मौके पर डाइट प्रवक्ता डॉ. राकेश मोहन, डा. मनोज पुरी, डा. नरेश नरूला, सूरज दुग्गल, सुखपाल, सुनील, सुमित, सज्जन फौजी, हरेंद्र एवं प्राचार्य नीरज पाहुजा, शीला रानी सहित सिरसा जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए हुए नव पदोन्नत प्राचार्य उपस्थित रहे।