संवाद न्यूज एजेंसी
बडागुढ़ा। गांव बीरूवालागुढ़ा स्थित श्री हरि कृष्ण गोशाला की स्थिति बिगड़ी हुई है। आए दिन गोवंश मर रहा है। पिछले डेढ़ माह में गोशाला में करीब 30 गोवंश की मौत हो चुकी है। गोशाला की न ही तो कोई कमेटी है और न ही कोई देखरेख करने वाला मुख्य सदस्य। गोशाला को सरकार व गोसेवा आयोग की ओर से कोई आर्थिक सहायता न मिलने के चलते ये स्थिति उत्पन्न हुई है।
हालात ये हैं कि गांव के ग्रामीण जैसे-तैसे कर चंदा इकट्ठा कर जैसे-तसे गोशाला चलाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस बारे प्रशासन तथा गोशाला संघ के पदाधिकारियों सहित अन्य को अवगत करवा दिया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण सीता सिंह शर्मा, परमजीत सिंह, नवदीप सिंह, जगपाल सिंह, पृथ्वीराम व अवतार सिंह आदि ने बताया कि गांव में 2016-17 में गोशाला बनी थी। इसके बाद वर्ष 2021 में रजिस्टर्ड होते ही इसकी कमेटी का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि कमेटी ने कुछ समय बाद यहां पर एक महात्मा को बैठा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि कमेटी ने गोशाला संचालन में कोई रुचि नहीं दिखाई। जब गोवंश का नुकसान होना शुरू हुआ और अव्यवस्था हुई महात्मा ने कई बार पंचायत बुलाई, लेकिन पुरानी कमेटी ने कोई सहयोग नहीं किया। जिसके बाद स्थिति को देखते हुए महात्मा यहां से चले गए।
गोशाला की स्थिति है खराब
ग्रामीणों के अनुसार कमेटी ने पिछले करीब दो वर्षों से गोशाला का संचालन बंद कर रखा है। गोशाला का खाता भी बंद करवा दिया है। आरोप है कि पुरानी कमेटी न तो रिकॉर्ड दे रही और न ही गौशाला को संभाल रही। ऐसे में रिकॉर्ड के अभाव में नई कमेटी का गठन भी नहीं हो पा रहा। गोसेवा आयोग या सरकार की तरफ से भी कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल रही। गोशाला की नई कमेटी का गठन न होने, देखरेख के लिए कोई मुख्य सदस्य न होने तथा आर्थिक सहायता न मिलने के चलते स्थिति बिगड़ कर रह गई है। गांव से कुछ समाजसेवी युवाओं ने इस विषय में पहल करते हुए स्थिति को जैसे-तैसे कर संभाल रखा है। ग्राम पंचायत का कहना है कि आयोग या सरकार की ओर से कोई आर्थिक सहायता न मिलने के चलते गोशाला को चलाना दुश्वार साबित हो रहा है।
ग्रामीण सीता सिंह शर्मा, परमजीत सिंह, नवदीप सिंह, जगपाल सिंह आदि के अनुसार गोशाला की स्थिति काफी बिगड़ी हुई है। गोशाला में करीब 125 गोवंश था। पिछले डेढ़ माह में करीब 30 गोवंश की मौत हो चुकी है। वजह ये है कि एक तो कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल रही। रखरखाव के अभाव में बड़े गोवंश छोटे व कमजोर गोवंश को टक्कर मार देते हैं। ऐसे में गोवंश घायल बैठ जाता है। चहारदीवारी नीची होने के चलते नजदीक की हड्डा रोड़ी से कुत्ते भी गोशाला में घुसकर गोवंश को नौंच जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गौशाला की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। इसकी ओर अगर शीघ्र ही ध्यान नहीं दिया गया तो गोवंश बचेगा ही नहीं।
गोशाला की पिछले दो सालों से कोई कमेटी है। पुरानी कमेटी के रिकॉर्ड न देने के चलते नई कमेटी का गठन नहीं हो पा रहा। गोशाला के खाते भी बंद करवा दिए। ग्राम पंचायत व ग्रामीण बड़ी मुश्किल से गोशाला का संचालन कर रहे हैं। लंबे समय के लिए ये भी संभव नहीं हो पाएगा। गोशाला संघ के पदाधिकारियों को इस ओर शीघ्र ध्यान देकर नई कमेटी का गठन करना चाहिए। पंचायत हर संभव सहयोग करेगी। - सुखविंदर सिंह चौहान, ग्राम सरपंच।
हमें इस मामले में जानकारी मिली है। हम इस विषय में बुधवार को बडागुढ़ा खंड के प्रधान व अन्य पदाधिकारियों से बात कर मौके पर भेजेंगे। जैसे भी हो इस मामले का समाधान करवाने की कोशिश है, ताकि गोशाला का संचालन सही ढंग से हो सके। गोशाला में सभी मिल-जुलकर सहयोग करें, तभी इसका सही संचालन हो सकेगा। जो युवा गोसेवा में समय लगा रहे हैं वो बहुत अच्छी बात है। - योगेश बिश्नोई, जिला प्रधान (गोसेवा संघ)
मैं अनपढ़ होने की वजह से शुरू से ही गोशाला का प्रधान नहीं बनना चाहता था। ग्रामीणों ने मुझे प्रधान बना दिया। मैंने उसके बाद भी कहा था कोई नया प्रधान बना लें। मैंने पद छोड़ते हुए गोशाला का कार्रवाई रजिस्टर व अन्य दस्तावेज पूर्व सरपंच प्रतिनिधि को सौंप दिए थे। वे ये कह रहे हैं कि रजिस्टर गुम हो गया। मैं तो अभी भी तैयार हूं, कोई नया प्रधान बनना चाहिए। - बलविंदर सिंह, गोशाला के पूर्व प्रधान।