पुलिस थानोें में अब ‘रुक्का’ नहीं मिलने की बहानेबाजी पुलिस कर्मचारियों से सुनने को नहीं मिलेगी। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मितेश जैन ने ‘रुक्का’ सिस्टम को खत्म करने का संकेत दिया है। मंगलवार को अमर उजाला से खास बातचीत के दौरान एसपी ने कहा कि पुलिस अधिकारियाें की बैठक लेकर उन्हें आदेश जारी किया जाएगा कि वे टेलीफोन पर मिली सूचना के आधार पर ही मौके पर पहुंचे और जल्द जांच शुरू करें।
थाने में रुक्का आने में कुछ समय लग जाता है, जिससे पुलिस टाइम से मौके पर नहीं पहुंच पाती। कार्यभार संभालने ही सर्वप्रथम प्राथमिकता के बारे पुलिस अधीक्षक मितेश जैन ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बरकरार रखना ही उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। अनट्रेस केसों के संबंध में उन्हाेंने कहा कि पुराने लंबित मामलों की सूची तैयार करके उनकी समीक्षा की जाएगी और केस-टू-केस अनट्रेस मामलों की गुत्थी सुलझाई जाएगी।
उन्होेंने कहा कि कोई भी नागरिक उनसे कभी भी कार्यालय में आकर मिल सकता है। किसी के पास कोई सूचना हो तो सीधा उनके मोबाइल नंबर 88140-11600 पर कॉल करें। सूचना पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई होगी और सूचना देने वाले का नाम गुप्त भी रहेगा।
शहरवासियों को जाम से मिलेगी मुक्ति
सिरसा में हमेशा की भांति हर नए पुलिस अधीक्षक समक्ष शहर की यातायात समस्या दूर करना सबसे बड़ी चुनौती रही है। डीआईजी सौरभ सिंह ने सिरसा में पुलिस अधीक्षक रहते इस समस्या को दूर करने के लिए काफी प्रयास किए। नवनियुक्त एसपी मितेश जैन का कहना है कि उनका पूरा प्रयास रहेगा कि जनता के चौकों व बाजारोें में लगने वाले जाम की समस्या से शहरवासियों को मुक्ति मिले। मंगलवार को एसपी मितेश जैन ने उपपुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करके शहर की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही आदेश दिए कि आम जनता से पुलिस का बरताव मिलनसार होना चाहिए।