- पंजा लड़ाकर अपनी प्रतिभा का किया प्रदर्शन
फोटो- 18
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। एक तरफ जहां आज का युवा सोशल मीडिया का सदुपयोग करने केे बजाय दुरुपयोग अधिक कर रहा है, वहीं , सिरसा के निहाल ने यूट्यूब वीडियो देखकर आर्म रेसलिंग में विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने का निर्णय किया। निहाल ने आज तीसरा स्थान प्राप्त कर न केवल सिरसा, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
बुधवार को मीडिया से अपना अनुभव साझा करते हुए निहाल ने बताया कि उसने यूट्यूब पर आर्म रेसलिंग (पंजा लड़ाना) का गेम देखा था। इसके बाद उसके मन में इस गेम के प्रति उत्सुकता जागी। उसने मन बनाया कि वह इस गेम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएगा। उसने धीरे-धीरे बिना किसी कोच के खेलना शुरू किया। खेल के प्रति उसके जुनून से उसका चयन आर्म रेसलिंग विश्व चैंपियनशिप में हो गया। जहां उसने अपनी प्रतिभा का करते हुए विश्व स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर भारत देश को गौरवान्वित करने का काम किया।
निहाल ने बताया कि अभी वह दिल्ली में बीटेक सीएसईएआई की पढ़ाई कर रहा है। इस बार वह जरूर तीसरे स्थान पर रहा है। आगामी चैंपियनशिप में उसका सपना भारत के लिए स्वर्णिम इतिहास रचने का रहेगा।
पिता कुलविंद्र सिंह, माता रजनी, बहन डाॅ. भव्या व मामा अनमोल चड्ढा ने बेटे की सफलता पर कहा कि उन्हें बेटे की सफलता पर गर्व है। जब बेटे ने इस प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू थे। उन्हें इस बात का मलाल नहीं था कि उनका बेटा गोल्ड नहीं लेकर आया, बल्कि कांस्य पदक भी हमारे लिए किसी गोल्ड से कम नहीं है।
समाजसेवियों ने किया प्रोत्साहित
शहर के प्रमुख समाजसेवी व जयदेव-सहदेव जैन चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान ललित जैन ने कहा कि यह सफलता सिरसा के साथ-साथ पूरे देशवासियों के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि निहाल को भविष्य में किसी प्रकार की सपोर्ट की जरूरत होगी तो ट्रस्ट पूर्ण सहयोग करेगा। वहीं, लायंस क्लब सिरसा अमर के संस्थापक अध्यक्ष स्वामी रमेश साहुवाला ने गोल्ड मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर निहाल को सम्मानित किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।