शहर की शक्ति नगर में सीवरेज से ओवरफ्लो होता गंदा पानी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। शहर में सीवरेज जाम की समस्या से मुक्ति के लिए जन स्वास्थ्य विभाग ने नया प्लान तैयार किया है। शहर के मिनी बाईपास रोड पर नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए 16 करोड़ रुपये का बजट भी पास हो गया है और मुख्यालय से मंजूरी भी मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही काम भी शुरू हो जाएगा। इससे शहर की 10 से ज्यादा कॉलोनियों में सीवरेज जाम, ओवरफ्लो की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
शहरवासियों के लिए 16 करोड़ की लागत से नई 36 इंच की सीवरेज पाइप लाइन बिछेगी। ये लाइन शहर से होते हुए केलनियां एसटीपी, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से जाकर मिलेगी। जिसकी क्षमता 35 एमएलडी है। जिसके लिए विभाग ने एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय को भेज था। अब इसकी मंजूरी विभाग को मिल गई है। जल्द ही टेंडर पास करवाने के लिए प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विभाग द्वारा चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय बाईपास गेट से लेकर केलनियां एसटीपी तक नई पाइप लाइन डालनी है। यह सीवरेज लाइन बाईपास से होते हुए, डबवाली रोड, सिविल अस्पताल से होते हुए केलनियां तक पहुंचेगी। बता दें कि लगभग आधा शहर सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहा है। इस समय विभाग के पास प्रतिदिन 10 से 15 शिकायतें मिल रही है। जिसके चलते विभाग द्वारा विचार-विमर्श के बाद नई सीवरेज पाइप लाइन का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा गया जो पास हो गया है। जल्द ही टेंडर पास होने के बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा। वहीं केलनियां एसटीपी से निकलने वाले शहर के पानी को ग्रामीणों द्वारा अपने खेतों में प्रयोग किया जाएगा।
शहर के इन एरिया में रहती है सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या
चत्तरगढपट्टी एरिया
प्रेम नगर
शक्ति नगर
खैरपुर कॉलोनी
जेजे कॉलोनी
अग्रसेन कॉलोनी
बाटा कॉलोनी
महावीर कॉलोनी
राम कॉलोनी
कीर्ति नगर
प्रीत नगर
एक और प्रयास : 12 करोड़ की लागत से शहर में अन्य सीवरेज पाइप लाइन
इसके अलावा पुराने शहर के वासियों को सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से निजात दिलाने के लिए विभाग 12 करोड़ की लागत से सीवरेज पाइप लाइन डालनी तैयारी में है। इसका भी एस्टीमेट विभाग की ओर से तैयार कर लिया गया है और मुख्यालय को भेज दिया गया है। एस्टीमेट पास होते ही जल्द टेंडर प्रक्रिया पर विभाग द्वारा काम शुरू किया जाएगा।
शहर की सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या को दूर करने के लिए विभाग द्वारा 16 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेज दिया गया है। जिसमें चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के बाईपास गेट से लेकर केलिनयां एसटीपी तक 36 इंच की पाइप लाइन डाली जानी है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-आरके शर्मा, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, सिरसा।