सिरसा। एयरफोर्स स्टेशन के पास लगते गांव अहमदपुर की ढाणी टिब्बा में एक युवक पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है। पीड़ित ने आरोपी संदीप के खिलाफ महिला थाने में पहले भी शिकायत दे रखी है। सदर थाना पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव अहमदपुर की ढाणी टिब्बा के रहने वाले 23 वर्षीय कुलवंत सिंह ने बताया कि वह ट्रैक्टर ड्राइवरी करता है। 10 फरवरी की देर शाम को काम से अपने घर लौट रहा था। कुलवंत ने बताया कि हमारी ढाणी में पाइपलाइन डालने के कारण सड़क तोड़ रखी है। जब घर से थोड़ा पीछे था तो सड़क खराब होने के कारण उसकी बाइक बंद हो गई। पड़ोसी महिला संतरो उस समय अपने घर के गेट पर खड़ी थी। वह कहने लगी कि बाइक क्यों बंद किया है, तो उसने उतर दिया कि जान-बूझकर बंद नहीं की बल्कि सड़क खराब होने के कारण बंद हुई है।
इतनी देर में ही संतरो उसके साथ गाली-गलौज करने लगी। महिला का शोर सुनकर उसका बेटा संदीप हाथ में लोहे की राॅड व पति करनैल हाथ में लाठी लेकर आ गए। उनकी बेटी जमना भी आ गई। करनैल ने आते ही कमर में लाठी मारी, फिर संदीप ने अपने हाथ में ली हुई राॅड सिर में मारी। इससे वह नीचे गिर गया। नीचे गिरने के बाद भी उसे चोटें मारी गईं। वह उठ कर भागने लगा तो संदीप व करनैल ने उसे रोक लिया। फिर जमना व संतरो ने थप्पड़-मुक्कों से मारना शुरू कर दिया।
कुलवंत के मुताबिक, शोर सुनकर उसके पिता दलबीर सिंह भी मौके पर आ गए। वह उसे छुड़वाने लगे तो करनैल ने उसके पिता के सिर में भी लाठी मारी। इतनी देर में उसके बाकी घरवाले सदस्य भी आ गए। उनको आता देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए अपने घर भाग गए। परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। कुलवंत का आरोप है कि यह मारपीट उसके साथ पुरानी रंजिश की वजह से की गई है। संदीप के खिलाफ हमने महिला थाना सिरसा में शिकायत दे रखी है, जिसकी जांच चल रही है। इसी रंजिश की वजह से संदीप व उसके परिवार के लोगों ने उसे चोटें मारी हैं।