थाना प्रभारियों की बैठक लेते पुलिस अधीक्षक
सिरसा। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की वीरवार को बैठक ली। इस दौरान उन्होंने थानों के कार्यों की समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गैर कानूनी कार्य करने वालों तथा अपराध व अपराधियों की खोज खबर लेकर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बैठक में मौजूद सभी थाना प्रभारियों से कहा कि मादक पदार्थों तस्करी में पकड़े गए लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए अदालत में भी उनके खिलाफ बेहतर ढंग से पैरवी करें ताकि वे किसी भी सूरत में सजा से न बच पाए। विक्रांत भूषण ने इस अवसर पर मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से कहा कि पीएम विंडो, सीएम विंडो व हरसमय पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निश्चित समय अवधि में निपटारा कर सही समय पर जवाब भेजे। उन्होंने कहा कि थानों के सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी आधुनिक टेक्नोलॉजी से अपने आप को पूरी तरह प्रशिक्षित रखें और उच्च अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए मांगे गए जवाब को निश्चित समय अवधि में भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सावधानी व सतर्कता बरतें और अधिक से अधिक चेकिंग व गश्त बढ़ाई जाए। इसके अलावा गांवों में रात्रि के दौरान ठीकरी पहरा लगवाना भी सुनिश्चित करें। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, डीएसपी अजायब सिंह तथा डीएसपी जगत सिंह सहित सभी थाना व चौकी प्रभारी तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के इंचार्ज उपस्थित रहे।