सिरसा। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट सिरसा की यूनिट ने सोमवार को देर रात को जेजे कॉलोनी व रानियां रोड के कुछ क्षेत्र में दबिश दी। दो टीमों ने करीब 15 स्थानों पर छापा मारा। इस दौरान दो घरों से 450 ग्राम गांजा व 6 ग्राम 30 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई ।
सिरसा के इंचार्ज इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि सिरसा यूनिट ने नशे के हॉटस्पॉट इलाकों में छापा मारकर चिन्हित घरों की तलाशी ली है। अभियान में उन घरों की तलाशी ली गई, जिनके ऊपर पहले से एनडीपीएस के मुकदमे दर्ज हैं। अभियान में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई है। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में दो व्यक्तियों से नशा बरामद हुआ। वाल्मीकि चौक स्थित चंडीगढि़या मोहल्ले में आरोपी रामप्रताप उर्फ लखन से 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा रानियां चौक स्थित बाजीगर मोहल्ला से आरोपी सुखविंद्र सिंह उर्फ बिंदा के कब्जे से 6 ग्राम 30 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। इनके खिलाफ थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज कर दिया गया है।
नशे पर प्रतिबंध को लेकर कार्रवाई रहेगी जारी
इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि नशीले पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। नशीले पदार्थ बेचने वाले व्यक्तियों को चिह्नित करके उन व्यक्तियों पर गुप्त रूप से निगरानी रखी जा रही है। इसी आधार पर सभी तस्करों के ठिकानों पर छापा मार गया है। नशे पर प्रतिबंध को लेकर अभियान निरंतर जारी रहेगा।