संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। इन्हांसमेंट के गलत नोटिस जारी होने के बाद शहर के सेक्टर 20 पार्ट तीन और सेक्टर 19 की एसोसिएशन ने प्रशासन के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को दोनों एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला से उनके आवास पर मुलाकात की। वहीं, प्रतिनिधिमंडल बुधवार को हिसार में एचएसवीपी के मुख्य प्रशासक प्रदीप दहिया से मुलाकात करेगा।
एसोसिएशन के सेक्टर 20 के प्रधान राजपाल सिंह, महेंद्र शर्मा, टेकचंद, कुलदीप सिंह, सुखदेव सिंह ने कहा कि इन्हांसमेंट को लेकर अब तक 120 बैठकें हो चुकी हैं। दोनों सेक्टरों में करीब 47 एकड़ भूमि में सार्वजनिक स्थलों (ईडीसी क्षेत्र) का निर्माण किया गया है। इसका खर्च भी इन्हांसमेंट में जोड़कर नोटिस में भेजा है, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। सेक्टरवासी इसका पैसा क्यों दें, इसका पैसा सरकार वहन करें। 2022 में आखिरी बैठक में निर्णय हुआ था कि सिरसा के दोनों सेक्टरों की इन्हांसमेंट गलत है, लेकिन एचएसवीपी के अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। कई बार हिसार मुख्यालय से इन्हें नोटिस भेज जानकारी मांगी गई थी।
पदाधिकारियों ने कहा कि वे मंगलवार को अजय सिंह चौटाला से मुलाकात की और उन्होंने आश्वासन दिया है कि उप मुख्यमंत्री उनका हर संभव सहयोग करेंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने हमेशा सेक्टरवासियों का सहयोग किया है। हमें उम्मीद है कि इस बार भी हमार साथ देंगे।