संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। विधानसभा क्षेत्र के गांव बकरियांवाली में रविवार को फर्स्ट क्लास सिविल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट पद पर नवीन धेतरवाल के चयनित होने पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम से पहले खुली जीप में नवीन को सवार कर ढोल नगाड़ों के साथ भव्य रोड शो निकाला गया।
गांव बकरियांवाली नवीन का ननिहाल है। कार्यक्रम नवीन के मामा रणजीत बाना के निवास पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कप्तान जसविंदर मीनू बैनीवाल विशेष रूप से उपस्थित हुए। ऐलनाबाद मार्केट कमेटी के सहायक सचिव बलराज बाना ने बताया कि हाल ही में हुई सिविल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास की परीक्षा नवीन धेतरवाल ने पास की है। नवीन धेतरवाल का फर्स्ट क्लास सिविल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट बनना पूरे बकरियांवाली गांव के लिए सम्मान की बात है।
कप्तान जसविंदर मीनू बैनीवाल ने कहा कि नवीन ने गांव बकरियांवाली का नाम रोशन किया है और एक अहम पद पर आसीन हुआ है। उन्होंने कहा कि नवीन धेतरवाल युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। आज युवा मेहनत के बल पर हर मुकाम हासिल कर सकता है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी उर्जा का सही इस्तेमाल करें और गांव व परिवार का नाम रोशन करें, जैसे नवीन घेतरवाल ने किया है। इस मौके रमेश बाना, राजा कसवां, नंदलाल बैनीवाल, रमेश बैनीवाल, वीरेंद्र सहू, कुलविंदर रंधावा, ओम ख्यालिया, हनुमान जाखड़ के अलावा भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।