संवाद न्यूज एजेंसी
नाथूसरी चोपटा (सिरसा)। गांव गिगोरानी के किसान व नाथूसरी चोपटा पंचायत समिति के पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र सहू ने बागवानी में उत्कृष्ट कार्य कर क्षेत्र का नाम पूरे देश में रोशन किया है। वीरेंद्र सहू द्वारा बेटी के नाम से शुरू की गई वर्णिका सहू फ्रूट नर्सरी गिगोरानी को राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड से थ्री स्टार रेटिंग मिली है। केंद्र सरकार की ओर से मान्यता प्राप्त होने के कारण नर्सरी से तैयार पौधे खरीदने पर किसानों को अनुदान मिलेगा।
एमए हिंदी पास किसान वीरेंद्र सहू ने बताया कि साल 2003-04 में 22 एकड़ भूमि में किन्नू का बाग व 8 एकड़ में ऑर्गेनिक अमरूद लगाकर बागवानी शुरू की। वर्णिका सहू फ्रूट नर्सरी में तैयार सीडलेस किन्नू, रेड ब्लड माल्टा, अर्ली गोल्ड माल्टा, कागजी नींबू, अमरूद, हिसार सफेदा, ताइवान पिंक, हिसार सुरखा सहित कई किस्मों के पौधों को 12 राज्यों में भेज रहे हैं। वीरेंद्र सहू ने बताया कि इजराइली विधि से मलियंग पर ताइवान कंपनी के खरबूज व तरबूज को खरीदने की तरफ काफी रुझान है। इस विधि से खरबूज व तरबूज लगाने से मात्र 90 दिनों में प्रति एकड़ के हिसाब से 2 से ढाई लाख रुपये की कमाई हो जाती है। उन्होंने बताया कि वह मौसम के अनुसार बैंगन, घीया, तोरी, टमाटर, लहसून, प्याज, गाजर इत्यादि सब्जी उगा लेता है। प्रगतिशील किसान वीरेंद्र सहू वर्तमान में पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए समृद्धि नामक मुहिम चला रखी है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में बच्चों को मुफ्त फलदार व छायादार पौधे देकर पर्यावरण को बचाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
महामहिम राज्यपाल बंगारू दतात्रेय ने नर्सरी में तैयार पौधों की सराहना की
लीक से हटकर कुछ करने के जज्बे की बदौलत प्रगतिशील किसान वीरेंद्र सहू को चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय हिसार में आयोजित कृषि मेले में प्रोग्रेसिव फार्मर एंड हाईटेक नर्सरी के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वीरेंद्र सहू को यह पुरस्कार दूसरी बार मिला। उनकी वर्णिका फ्रूट नर्सरी में तैयार पौधे लेने के लिए आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र और दिल्ली के किसान आते हैं। पिछले दिनों सिरसा दौरे के दौरान हरियाणा के राज्यपाल बंगारू दतात्रेय ने नर्सरी में तैयार पौधों की सराहना की।