रानियां में पंचायत में एकत्रित नाथ समुदाय के लोग। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। कुछ दिन पहले नाथ समाज ने नशे के साथ पकड़े गए दो युवकों के परिवारों का हुक्का पानी बंद करने के फैसला लिया था, जिसे मंगलवार को वापस ले लिया।
पार्षद महावीर नाथ, मुकेश नाथ, अजीत नाथ, नरेश नाथ व विरेन्द्र नाथ ने बताया कि शहर के वार्ड 1 में कुछ दिन पूर्व नाथ समाज ने एक महापंचायत के माध्यम से नशे में संलिप्त दो परिवारों को नाथ समाज से बाहर कर उनका हुक्का पानी बंद कर सभी सामाजिक व पारिवारिक रिश्ते नाते खत्म किए थे, ताकि उन परिवारों को अपनी गलती का अहसास हो और समाज में कोई और व्यक्ति नशे की लत में न पड़े। महावीर नाथ ने कहा कि नाथ समुदाय में कभी भी नशा नहीं था और वे अपने समाज के युवाओं को इस बुरे काम से बचाने के लिए इतना कड़ा फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि नशे में संलिप्त दोनों युवकों की गलती थी, न कि उनके परिवारों की। ऐसे में दोनों परिवार के लोग पंचायत में एकत्रित होकर माफी मांग ली और उन्हें पुन: नाथ समुदाय में शामिल करने की इच्छा जाहिर की। इस पर पंचायत ने सहमति से उन्हें नशे से दूर रहने की चेतावनी देकर दोबारा से समाज में शामिल कर लिया।
इस मौके पर पार्षद महावीर नाथ, मुकेश नाथ, अजीत नाथ, नरेश नाथ व विरेन्द्र नाथ सहित पूरे नाथ समाज के मौजिज व्यक्ति मौजूद रहे।