फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: राजनीति का अखाड़ा बना नारायण खेड़ा, हुड्डा व चौटाला ने सरकार को कोसा

Sat, 12 Aug 2023 09:20 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
गांव नारायणखेड़ा में चल रहे किसानों के धरने को संबो​धित करते विधायक अभय सिंह चौटाला । 
विज्ञापन
चोपटा (सिरसा)। गांव नारायण खेड़ा में बीमा क्लेम की मांग को लेकर किसानों का धरना जारी है। चार किसान पिछले 11 दिनों से पानी की टंकी पर चढ़े हुए हैं। शनिवार को धरनास्थल राजनीति का अखाड़ा बन गया। दोपहर को राज्य सभा के सदस्य कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार के खिलाफ हुंकार भरी, वहीं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने सरकार को जमकर खोसा। अभय सिंह ने कहा कि चाहे मेरे खूड (जमीन) बिक जाएं, मैं किसानों के साथ हूं। 15 अगस्त के बाद अगर बीमा क्लेम नहीं आया तो मैं भी किसानों के साथ धरना पर बैठे जाऊंगा। वहीं, दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि 25 अगस्त से विधानसभा सत्र शुरू होगा। उसमें काम रोको प्रस्ताव लेकर आएंगे।
विज्ञापन

जिले में वर्ष 2022 के बीमा क्लेम की मांग को लेकर किसान पिछले 100 दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले 11 दिनों से चार किसान जलघर की टंकी पर चढ़े हैं, वहीं 13 किसान व सरपंच आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं। इनमें रूपावास के सरपंच उदयपाल, किसान नंदलाल ढिल्लो व विनोद कुमार को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, धरने के समर्थन में गांव नारायण खेड़ा में हजारों की संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्राॅली लेकर पहुंच रहे हैं। शनिवार को गांव चाहरवाला की सरपंच कविता खुद ट्रैक्टर चलाकर धरना स्थल पर पहुंचीं। किसान भरत सिंह ने बताया कि उमस के कारण हमारी तबीयत बिगड़ रही है। अधिकारी आते हैं, चले जाते हैं, मगर यह कोई बताने के लिए तैयार नहीं कि आखिर बीमा क्लेम क्यों नहीं मिल रहा।

सीएम से करूंगा सवाल, क्यों नहीं मिल रहा किसानों को बीमा क्लेम : अभय सिंह
किसानों के समर्थन में नारायण खेड़ा पहुंचे इनेलो नेता व ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि किसान अपना हक मांग रहे हैं। प्रदेश के सीएम मनोहरलाल से सवाल करूंगा कि किसानों को बीमा क्लेम क्यों नहीं मिल रहा है। इसके लिए उन्हें चाहे विधानसभा में कुछ भी करना पड़े। वह किसानों की आवाज नहीं दबने देंगे। उन्होंने कहा कि पानी की टंकी पर चढ़े सभी किसानों से प्रतिदिन बातचीत होती है। यह किसानों की लड़ाई लड़ रहे हैं। मगर कमजोर कदम मत उठा लेना, मजबूती के साथ लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा कि किसानों का इस सरकार ने बुरा हाल कर रखा है। इस सरकार से जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है।
विज्ञापन



किसानों के लिए सड़क पर आना पड़ा तो हम हैं तैयार : हुड्डा
किसानों के समर्थन में पहुंचे राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि किसानों को हर बार फसल खराब होने पर बीमा लेने के लिए आंदोलन करना पड़ता है। इस गूंगी बहरी सरकार को जगाने के लिए हम किसानों के साथ हैं। सड़कों पर आना पड़ा तो आने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि चार किसान पिछले 11 दिन से पानी की टंकी पर चढ़े हैं। आमरण अनशन पर बैठे किसानों की तबीयत बिगड़ रही है। इसके बाद भी सरकार नहीं जाग रही है। उन्होंने कहा कि 25 अगस्त से विधानसभा सत्र शुरू होगा। उसमें काम रोको प्रस्ताव लेकर आएंगे। ताकि किसानों की आवाज उठाई जा सके। इस मौके पर पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. केवी सिंह, प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, डाॅ. सुशील इंदौरा, राजकुमार शर्मा, सुभाष जोधपुरिया व सुमित बैनीवाल मौजूद रहे।

किसानों को प्रताड़ित करने के बजाय बीमा क्लेम देकर राहत पहुंचाए सरकार : राठौड़
प्रदेश सचिव कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि किसानों को प्रताड़ित करने के बजाय सरकार बीमा क्लेम की राशि जारी कर राहत पहुंचाने का काम करे। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो सरकार किसान हितैषी होने की दम भरती है, लेकिन दूसरी तरफ किसानों की वाजिब मांगों को स्वीकार न कर उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एक तो प्राकृतिक आपदा के कारण किसान पहले से ही संकट में हैं और दूसरी तरफ सरकार 3 माह से अधिक समय से धरना लगाने के बाद भी बीमा क्लेम की राशि जारी करने में बार-बार आनाकानी कर रही है। सरकार की नीयत में खोट है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें