सिरसा। नगर परिषद हाउस की बैठक 24 जुलाई शुक्रवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित की जाएगी। बैठक में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, सब-कमेटियों के गठन और शहर की सीवरेज व पेयजल समस्याओं को लेकर हंगामा होने के आसार हैं।
बैठक में अध्यक्ष वीर शांति स्वरूप खुद एजेंडे प्रस्तुत करेंगे। पिछली बैठक में एजेंडा पेश न कर पाने के कारण इस बार कुछ प्रस्तावों को चुपचाप पास कराने की तैयारी की जा रही है। विरोध की आशंका को देखते हुए अधिकारियों के माध्यम से मीडिया कवरेज पर भी प्रतिबंध लगाने की योजना बनाई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक का मुख्य विवाद सब-कमेटियों में पार्षदों के चयन को लेकर हो सकता है। पार्षदों का आरोप है कि एक स्थानीय नेता के करीबी पार्षदों को ही कमेटियों में जगह दी जा रही है, जबकि कांग्रेस पार्षदों को नजरअंदाज किया जा रहा है। फाइनेंस, सफाई और विकास से संबंधित कमेटियों में तीन-तीन सदस्यों को शामिल किया जाना है।
शहर में व्याप्त सीवरेज जाम और दूषित जल आपूर्ति को लेकर भी पार्षदों ने पहले जलघर तक प्रदर्शन किया था। अब बैठक में एक बार फिर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घेरा जाएगा। बैठक में सिरसा सांसद कुमारी सैलजा और विधायक गोकुल सेतिया को भी आमंत्रित किया गया है। यदि विधायक बैठक में शामिल होते हैं तो विवाद और अधिक गहराने की संभावना है।
::::::::::::
24 जुलाई को बैठक होगी। इसमें अधिकारियों से राय के बाद मीडिया को अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही कोई पार्षद प्रतिनिधि व अन्य कोई बाहरी व्यक्ति अंदर नहीं बैठेगा। साधारण बैठक में मुख्य रूप से सब कमेटियों का गठन किया जाना है। सभी पार्षदों को मैसेज जारी कर दिया गया है। -
वीर शांति स्वरूप, अध्यक्ष, नगर परिषद