सिरसा। रुपयों के लेनदेन में ऑटो मार्केट स्थित झुग्गियों में रहने वाले दो भाइयों में झगड़ा हो गया। बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर में ईंट मार घायल कर दिया। अग्रोहा में इलाज के दौरान घायल व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर उसी के बड़े भाई जिले सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक की पत्नी सिलोचना निवासी पीपलथा जिला जींद हाल बाबा बूटा बस्ती टोहाना ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करती है। उसके पति के रोहताश व जिले सिंह दो भाई हैं। वीरेंद्र दोनों से छोटा है। तीनों भाई गांव-गांव जाकर फेरी लगाकर बर्तन बेचने का काम करते थे। उन्होंने बताया कि उसका पति वीरेंद्र कुछ दिनों से सिरसा में ही अपनी मां तारों निवासी ऑटो मार्केट झुग्गी झोपड़ी में रह रहा था। बीते सात दिसंबर को उसके पास फोन आया की उसके पति की अग्रोहा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मामले की सूचना पाकर वह और उसका भाई पवन कुमार अस्पताल में पहुंचे। अस्पताल में परिवार के सदस्यों से पूछताछ किए जाने पर उन्हें पता चला कि छह दिसंबर की रात 10-11 बजे उसके पति वीरेंद्र और जेठ जिले सिंह के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर झगड़ा हो गया था। जिले सिंह ने वीरेंद्र सिंह के सिर में ईंट मार दी। इससे उसका पति घायल हो गया। परिवार के सदस्य उसे नागरिक अस्पताल में लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर्स ने जांच कर अग्रोहा मेडिकल में रेफर कर दिया। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके पश्चात उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। सिरसा शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जिले सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।