खंड के गांव रुपाणा जाटान में हुई किसान सतबीर की हत्या के अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से मना कर दिया। हालांकि पुलिस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने शव लेकर अंतिम संस्कार किया।
उल्लेखनीय है कि गांव रुपाणा जाटान में शनिवार रात 32 वर्षीय किसान सतबीर की तेजधार हथियार से हत्या हो गई थी। घटनास्थल पर उसका शव लहूलुहान अवस्था में मिला। नाथूसरी चोपटा पुलिस को दिए गया बयान में मृतक सतबीर के चचेरे भाई जयकरण ने बताया कि शनिवार शाम को खेतों में पानी लगाने के लिए सतबीर खेत में आया था। उसकी सहायता करने के लिए चचेरा भाई जयकरण आया था। जयकरण ने बताया कि शाम करीब 7: 15 बजे दोनों ने सिंचाई के लिए पानी की ट्यूब बिछाई। इस बीच सतबीर ने कहा कि तुम अपनी ढाणी से खाना खाकर आ जाओ फिर सिंचाई करते हैं। जयकरण ने खाना खाने के लिए अपनी ढाणी पर पहुंचा कि करीब 15-20 मिनट बाद उसे सतबीर की चीख सुनाई दी। जब वह अपनी ढाणी से भाग कर खेत तक पहुंचा तो देखा कि सतबीर लहूलुहान अवस्था में अचेत पड़ा हुआ है। उसने घटना की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद आसपास की ढाणियों के निवासी व ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतक के सिर और गले पर चोट के निशान मिले हैं। सतबीर के चचेरे भाई जयकरण के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सत्यवान सिंह, थाना प्रभारी, नाथूसरी चोपटा सिरसा।