संवाद न्यूज एजेंसी
रानियां। नगर पालिका की अनदेखी का शिकार वार्ड नंबर-15 में बना समुदायिक केंद्र का भवन खंडहर में तब्दील हो गया है। हाॅल में बना फर्श कई जगह से धंस गया है। शरारती तत्वों ने कमरों के दरवाजे उखाड़ दिए हैं। कमरों में लगे पंखे और बाथरूम में लगी टोंटियां चोरी हो चुकी हैं। सामुदायिक केंद्र में कबाड़ पड़ा है। इसके निर्माण पर लगा जनता का लाखों रुपये बर्बाद हो गया।
नगर पालिका की ओर से शहर के वार्ड नंबर-15 में लोगों की सुविधा के लिए पांच साल पहले सामुदायिक केंद्र का निर्माण करवाया था। लाखों रुपये खर्च करके बहुमंजिला इमारत बनाई गई। अब इसकी हालत जर्जर हो चुकी है। यहां कोई कार्यक्रम तो होना दूर की बात है, बैठना भी मुनासिब नहीं रहा गया हैै। दो मंजिला भवन में नीचे एक हाॅल के साथ बाथरूम व शौचालय बने हुए हैं। ऊपर की मंजिल में एक कमरा व बाकी खुला स्थान छोड़ा गया। इस बहुमंजिला इमारत को बड़ा डिजाइनदार व सुंदर बनाया गया था। हाॅल की छत पर पीओपी करवाई गई और सफेद मार्बल का फर्श लगाया गया था। अब भवन की छत से पीओपी की परत उखड़ कर नीचे गिर रही है। सफेद मार्बल का फर्श कई जगह से धंस कर बेकार हो गया है। एक पंखा अभी लगा हुआ है वह खराब है। अब यह इमारत नशेड़ियों का अड्डा बनकर रह गया है।
जीर्णोद्घार के लिए डाल दिया है प्रस्ताव
वार्ड नंबर 1 और वार्ड नंबर 15 का कुछ एरिया साझा पड़ता है। इसलिए दोनों वार्डों के लोगों की सुविधा को देखते हुए नगर पालिका की ओर से लाखों रुपये खर्च करके सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण करवाया गया। अनदेखी की वजह से यह नकारा साबित हो गया है। भवन के जीर्णोद्घार के लिए अब वार्ड के नवनिर्वाचित पार्षद ने प्रयास शुरु कर दिए हैं। पिछले दिनों हुए नगर परिषद की बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव डाला गया है, ताकि इस भवन की रिपेयरिंग करवाकर इसे फिर से लोगों के इस्तेमाल के लायक बनाया जा सके।
इस सामुदायिक केंद्र का निर्माण पिछले हाउस की ओर से करवाया गया था। इसके निर्माण को करीब पांच साल हो गए हैं। मेरे संज्ञान में जब यह बात आई तो मैंने जाकर मौका का निरीक्षण किया। नगर पालिका की बैठक में इस भवन की रिपेयरिंग से संबंधित प्रस्ताव डलवा दिया गया है। जेई ने एस्टीमेट तैयार करना है। भवन में फर्श बनने वाला और कमरों की खिड़कियां और दरवाजे लगने वाले हैं। बजट अलॉट होते ही रिपेयरिंग का कार्य शुरु हो जाएगा। - बाबा जसविंद्र भिंडर, पार्षद प्रतिनिधि वार्ड नंबर 15।