फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पालिका बाजार में भिड़े छात्र गुट, चलीं तलवारें

विज्ञापन
विज्ञापन
 शहर के सबसे व्यस्त पालिका बाजार में सोमवार सुबह तलवारें और दातर लहराते हुए 20 -25 युवक घुस आए और खरीददारी करने आए तीन युवकों पर हमला कर दिया। हथियारों से लैस ललकारते हुए युवकों को देखकर दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी और ग्राहकों को जहां भी छुपने की जगह मिली, वे वहीं दुबककर बैठ गए। देखते ही देखते पूरे बाजार में सन्नाटा पसर गया। सरेबाजार दिनदहाड़े हुए इस खूनी संघर्ष में दोनों तरफ से तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उनके साथियों ने ही सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया।
विज्ञापन



नेशनल कॉलेज के छात्र धर्मवीर निवासी बुर्जभंगू, नरेंद्र निवासी किराड़कोंट और गांव देवीलाल इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र संजय निवासी गांव फूलकां सोमवार सुबह कपड़े खरीदने के लिए पालिका बाजार में आए थे। चार दिन पूर्व छात्र संजय का गांव बनवाला निवासी सुनील के साथ नेशनल कॉलेज के बाहर झगड़ा हो गया था। इस मामले में बस अड्डा चौकी पुलिस में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज है।

 सुनील व उसके साथियों को संजय व उसके दोस्तों के पालिका बाजार में होने की सूचना मिली तो 20-25 हथियारबंद युवक बाइकों पर सवार होकर सुबह लगभग 11:45 पर पालिका बाजार पहुुंचे। यहां आते ही उन्होंने सरेआम तलवारें व दातर लहराते हुए संजय, धर्र्मवीर और नरेंद्र को ललकारा।
विज्ञापन


 हथियारों से लैस युवकों को देखकर दुकानदार व ग्राहक भयभीत हो गए और उन्होंने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर ली। बचने के लिए इधर-उधर भागते संजय, धर्र्मवीर व नरेंद्र पर उक्त युवकों ने दातर फेंक कर मारे, निशाना चूकने के कारण दातर एक ज्वेलर्स की दुकान के शीशे पर जा लगी, जिससे शीशा टूट गया।

 हमलावरों ने गनेरीवाला ज्वेलर्स के पास धर्मवीर व नरेंद्र को घेर लिया और उन पर धारदार हथियार से वार कर दिया। इसके पश्चात पुलिस आने के डर से हमलावर युवक भागने लगे, लेकिन गांव बनवाला निवासी सुनील भाग नहीं सका। संजय पक्ष के युवकों ने उसे बाजार के बीच में लेटाकर दातर से उस पर हमला किया। इसके बाद वे मौके से घायल हालत में भाग गए। गंभीर रूप से घायल सुनील को उसके साथियों ने सामान्य अस्पताल पहुंचाया और कुछ देर बाद ही नरेंद्र व धर्मवीर को भी उनके साथी सामान्य अस्पताल में ले आए। तीनों के शरीर पर धारदार हथियार के वार से गहरी चोटें आई हैं।

पुलिस के आने के बाद खुली दुकानें
वारदात से खौफजदा दुकानदारों ने पुलिस के आने के बाद ही दुकानें खोली। बाजार में कई दुकानों के बाहर खून पड़ा था। पुलिस को पालिका बाजार से कई धारदार हथियार पड़े मिले। पुलिस ने हथियारों को अपने कब्जे में ले लिया। जो लोग खरीददारी करने के लिए आए थे वो पुलिस के आते ही बिना खरीददारी किए सीधा घर की ओर रवाना हो गए।

कई युवक पुलिस हिरासत में
सामान्य अस्पताल पहुंचे शहर थाना प्रभारी मौजी राम ने इमरजेंसी के शल्य कक्ष में जाकर घायलों की स्थिति देखी और अस्पताल में मौजूद दोनों पक्षों के कुछ युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने युवकों को जिप्सी में बैठाया लेकिन बाद में इमरजेंसी वार्ड में ही सभी युवकों को नीचे बैठाकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी। सभी युवक छात्र हैं।

तीनों घायल अनफिट, एक पक्ष पर केस दर्ज
इस मामले की जांच कर रहे एसआई शिव नारायाण शर्मा ने बताया कि घायल सुनील, धर्मवीर व नरेंद्र अभी बयान देने के लिए अनफिट हैं। पुलिस ने घायल सुनील को अस्पताल में दाखिल करवाने पहुंचे उसके दोस्त गांव अरनियांवाली निवासी संदीप पुत्र दयाल के बयानों के आधार पर गांव फूलकां निवासी संजय कुलरिया, बुर्जभंगू निवासी दिनेश और धर्मवीर सहित आठ-दस अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

 एक्स-रे रिपोर्ट के बाद अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी। उधर, घायल धर्मवीर व नरेंद्र का रुक्का नहीं मिला है। इसके अलावा तीनों बयान देने के काबिल भी नहीं। घायलों के फिट होने पर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और तभी असल बात पता चलेगी की खूनी संघर्ष का मुख्य कारण क्या था।
विज्ञापन




विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें