हरियाणा के सिरसा जिले के रानियां में पार्षदों व चेयरमैन के शपथ ग्रहण समारोह में अनियमितताएं पाने पर नगरपालिका के सचिव आशीष कुमार स्वामी को सस्पेंड कर दिया गया है। शहर के कुछ नवनिर्वाचित पार्षदों की माने तो बीती 13 जुलाई को नगरपालिका परिसर में नवनिर्वाचित चेयरमैन व पार्षदों के शपथ दिलाने के लिए समारोह का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में कन्वीनर एवं जिला राजस्व अधिकारी के तौर पर सुरेश कुमार की ड्यूटी लगाई गई। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार हरिश्चंद्र बिजारणिया भी उपस्थित रहे। शपथ ग्रहण समारोह में कन्वीनर एवं जिला राजस्व अधिकारी सुरेश कुमार ने चेयरमैन के मनोज सचदेवा उर्फ बावा को शपथ दिलाई।
इसके बाद बारी-बारी से 5 पार्षदों ने शपथ ग्रहण करवाई गई। इस दौरान दूसरे पक्ष के 10 पार्षद शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचे। इन्होंने परिसर में उनके लिए उपयुक्त जगह न मिलने का हवाला देकर हंगामा किया। इसके उपरांत नगर पालिका सचिव ने शपथ ग्रहण कर चुके पार्षदों को दूसरे कमरे में बैठने के लिए व्यवस्था कर दी।
इसके उपरांत शपथ लेने से वंचित पार्षदों को हाल में बुलाकर शपथ दिलाने की प्रक्रिया शुरू करवाई। इस दौरान कई पार्षद नाराज हो गए। माना जा रहा है कि समारोह में अव्यवस्था होने के कारण सचिव को सस्पेंड किया गया है। सुपरिंटेंडेंट कमेटी द्वितीय प्रिंसिपल सचिव हरियाणा अर्बन लोकल बॉडी डिपार्टमेंट ने पत्र भेजकर रानियां नगरपालिका सचिव आशीष कुमार को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं।