सिरसा। नगर परिषद की टीम ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत विधायक गोकुल सेतिया के हिसारिया बाजार स्थित निवास के बाहर सड़क पर लगे साइन बोर्ड को उखाड़ दिया। सेनेटरी इंस्पेक्टर रवि शर्मा ने दो हजार रुपये का चालान काटकर विधायक गोकुल सेतिया के हाथों में थमा दिया।
मंगलवार को नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत विधायक गोकुल सेतिया के निवास स्थान से की। इस दौरान विधायक गोकुल सेतिया भी मौजूद थे। विधायक गोकुल सेतिया ने खुद ही नगर परिषद अधिकारी को चालान काटने के लिए बोला। उन्होंने अधिकारी से कहा कि उनके नाम वाला साइन बोर्ड उखाड़ो और ले जाओ। इसके बाद नगर परिषद कर्मचारी साइन बोर्ड उखाड़कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर ले गए।
विधायक गोकुल सेतिया ने कहा कि नगर परिषद के अतिक्रमण हटाओ अभियान से किसी को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। शहर के बाजारों में अतिक्रमण बहुत बड़ी समस्या है, जो भी अतिक्रमण करेगा उसका चालान काटना चाहिए, चाहे वह विधायक ही क्यों न हो। विधायक का चालान काटने के बाद नगर परिषद की टीम डबवाली रोड, आईटीआई रोड, गीता भवन वाली गली व सरकुलर रोड पहुंची और दुकान के आगे बोर्ड व सामान नको कब्जे में लेकर दुकानदारों के चालान काटे। सेनेटरी इंस्पेक्टर रवि शर्मा का कहना है कि ये अभियान लगातार जारी रहेगा।