सिरसा। डबवाली रोड पर बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन डालने के बाद इसका पुनर्निर्माण कार्य नहीं हो पाया है। जिसके कारण शहर वासियों को आवाजाही करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद की ओर से ढाई करोड़ की राशि पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग को निर्माण के लिए दी जानी है। चार माह से नगर परिषद यह राशि जारी नहीं कर पाया है। जिसके कारण अब पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की ओर से पुनर्निर्माण के लिए इसका कार्य नहीं किया गया। दोनों विभागों में तालमेल नहीं होने का खामियाजा आमजन को उठाना पड़ रहा है।
शहर का डबवाली रोड पंजाब को जोड़ता है। नगर परिषद की ओर से करीब दो वर्ष पहले योजना बनाकर शहर से बारिश के पानी की निकासी के लिए घग्गर नदी तक पाइप लाइन डलाने का काम शुरू किया गया था। ऐसे में बीते चार माह से पाइप लाइन डालने का काम भी पूरा हो चुका है। जिसके बाद पाइप लाइन को दबाकर रोड पर मिट्टी डाल दी गई है। लेकिन इस पर निर्माण कार्य नहीं हो पाया है। जिसके कारण यहां पर हर रोज हादसे हो रहे हैं। बारिश के दिनों में दो पहिया वाहन चालकों और रोडवेज बसें भी इन गड्ढों में उतर गई थी। हालांकि इससे पहले एक कोयले से भरा हुआ ट्रक भी पलट गया था। ऐसे में मिट्टी और पत्थर के कारण यहां पर हर रोज वाहन चालक हादसे का भी शिकार हो रहे हैं।
राशि जारी करवाने को लेकर विभाग उपायुक्त को लिख चुका पत्र
पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की ओर से रोड का पुनर्निर्माण करवाया जाना है। रोड पर निर्माण करने के लिए करीब ढाई करोड़ की राशि खर्च होनी है। जोकि नगर परिषद की ओर से पीडब्ल्यूडी बीएंडआर को दी जानी है। लेकिन बीते चार माह से नगर परिषद की ओर से उक्त राशि जारी नहीं की गई है। जिसके कारण रोड का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में अब पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की ओर से उपायुक्त को भी पत्र लिखा गया है।
गड्ढों के कारण हो रहे है वाहन चालकों के साथ हादसे
ठेकेदार रोड पर मिट्टी ओर कंकड़ डालकर गड्ढों को भरवा दिया था। लेकिन अब फिर से यहां पर बड़े बड़े गड्ढे बन चुके हैं। जिसके कारण हर रोज यहां वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। डबवाली रोड स्थित दुकानदार रमेश कुमार, सतनाम सिंह, जोगेंद्र सिंह ने बताया कि दुकान के सामने ही बड़ा गड्ढा बना हुआ है। दुकान के सामने ही कई बार हादसे हुए है। जिसमें वाहन चालक घायल भी चुके हैं।
वर्जन
शहर के डबवाली रोड का पुनर्निर्माण किया जाना है। इसके लिए संबंधित विभाग की ओर से ढाई करोड़ का बजट जारी किया जाना है। बजट जारी करवाने के लिए उपायुक्त को भी पत्र लिखा है। बजट जारी होने के बाद ही रोड पर पुनर्निर्माणका कार्य शुरू हो पाएगा ।
-कृष्ण कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, सिरसा।