फोटो - 37, 38
- ट्रॉमा सेंटर में तैयार हो रहा सीटी रूम
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गंभीर मरीजों को अब एमआरआई जांच के लिए जिला नागरिक अस्पताल से बाहर भेजने की जरूरत कम होगी। ट्रॉमा सेंटर में नई एमआरआई सुविधा शुरू करने की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। उम्मीद है कि इस माह सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।
जांच कक्ष को मशीन इंस्टाल करने के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। स्पेशल प्लाई बोर्ड अस्पताल पहुंच गए हैं और एमआरआई रूम तैयार हो चुका है। इन प्लाई बोर्ड से एमआरआई के लिए कंप्यूटर पर बैठने वाले तकनीकी सहायक और किरणें रोकने के लिए सीटी रूम बनेगा।
इसके बाद जल्द ही एमआरआई मशीन इंस्टाल कर दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की जरूरी स्वीकृतियां मिलने के बाद मरीजों की जांच शुरू हो सकेगी। यह सुविधा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
मशीन की स्थापना और सेवा संचालन एक निजी कंपनी करेगी। मरीजों को तय रियायती दरों पर जांच की सुविधा मिलेगी। अस्पताल में पहले से ही इसी मॉडल पर सीटी स्कैन और डायलिसिस सेवाएं संचालित हैं।
गंभीर मरीजों को लाभ
जिला अस्पताल की रोजाना ओपीडी करीब 850 मरीजों तक पहुंचती है। इनमें सड़क हादसों में घायल, रीढ़ की समस्या और नसों से संबंधित बीमारी वाले मरीज भी शामिल होते हैं। ऐसे मामलों में चिकित्सक अक्सर एमआरआई कराने की सलाह देते हैं। अभी मशीन उपलब्ध न होने के कारण मरीजों को निजी जांच केंद्रों पर जाना पड़ता है। नई सुविधा से उन्हें अस्पताल में ही यह जांच मिल पाएगी।
जल्द पूरी होगी एनओसी प्रक्रिया
पीएनडीटी सेल प्रभारी डॉ. संजय कुमार के अनुसार एमआरआई सेवा शुरू करने से पहले औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पीएनडीटी सेल और जिला समुचित प्राधिकारी से संबंधित स्वीकृतियां ली जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एनओसी की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की संभावना है। इसके बाद मशीन इंस्टाल करने और जांच से जुड़ा काम आगे बढ़ेगा।