संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष व विधायक गोपाल कांडा ने विधानसभा चुनाव को लेकर सिरसा के स्थापना दिवस पर चुनावी शंखनाद किया। विधायक ने दिल्ली रोड से अपने कार्यालय तक रोड शो निकाला। वहीं उनके धुर विरोधी गोकुल सेतिया ने शनिवार रात को सोशल मीडिया पर लाइव आकर विधायक गोपाल कांडा पर तंज कसा। गोकुल सेतिया ने कहा कि आखिरकार पांच साल बाद विधायक गोपाल कांडा शहर में एक माह के लिए आ गए हैं। रोड शो से भाजपा नेता दूरी बनाए रखे।
राजनीति के जानकार रोड शो से भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा दूरी बनाए जाने को लेकर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। कहा जा रहा है कि गोकुल सेतिया कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते हैं तो कांडा के लिए सिरसा सीट निकालना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
रोड शो के दौरान गोपाल कांडा ने कहा कि लोगों में भरोसा है। कुछ लोग चाहते हैं कि मैं साधु संतों की सेवा न करूं। भंडारे न लगाऊं, मैं औछी राजनीति नहीं करता, मैं उनको जवाब दूंगा। भगवान ने मेरे पास दिया है तो मैं करता हूं। तुम्हें भी दिया है लेकिन तुम्हारी नियत साफ नहीं है। सिरसा की जनता को बार बार गाली देना, बिकाऊ बताना छोड़ दो नहीं तो चुनाव में जनता अच्छा तमाचा लगाएगी।
गोकुल सेतिया ने यह कसा तंज , बोले - सिरसा को जूती समझ कर रखा
सेतिया ने कहा कि हमारे विधायक जी सिरसा पधार रहे हैं। वह भी फाइनली एक महीने के लिए आ रहे हैं। वह रोड शो निकालेंगे, मैं आ गया, मैं आ गया। रौनक मेला आप लगा रहे हो तो आपने खुद साबित कर दिया कि पांच साल मैं नहीं आया, नहीं आया। आज उनके भाई और भतीजे हजारों लोगों के गले मिल रहे हैं। पांच साल आपके परिवार ने सिरसा वालों के साथ जो किया है, जितने बुरे हाल आपने सिरसा के किए, आपने जूती समझ के अपनी विधानसभा क्षेत्र को रखा। न आप विधानसभा क्षेत्र में आए, न ही विधानसभा सत्र में गए। अब आप क्या लेने के लिए आ रहे हो सिरसा में।